Dehradun NewsHighlight

बजट संतृप्तिकरण बिंदुओं पर CS की समीक्षा बैठक, सभी विभागों को दिए कार्ययोजना पेश करने के निर्देश

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट भाषण में उल्लिखित संतृप्तिकरण बिंदुओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को तय समय-सीमा में कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

पर्यटक स्थलों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने पर दिया जोर

सीएस ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और प्रमुख पर्यटक स्थलों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ा जाए। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समय-सीमा तय की जाए और लगातार मॉनिटरिंग हो। सीएस ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि प्रदेश के असुरक्षित पुलों और ट्रॉलियों का जल्द जीर्णोद्धार कराया जाए और जहां ट्रॉलियां चल रही हैं वहां जल्द से जल्द पुल का निर्माण सुनिश्चित हो। साथ ही गैर-सरकारी ट्रॉलियों का भी सेफ्टी ऑडिट कर उन्हें नियमानुसार संचालित करने के निर्देश दिए।

ई-ऑफिस लागू करने में तेजी लाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को प्रदेश की सभी सड़कों पर क्रैश बैरियर लगाने की कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों और जनपद स्तरीय कार्यालयों में ई-ऑफिस लागू करने पर जोर देते हुए आईटी विभाग को तेजी से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने हर जिले में थीम-बेस्ड विज्ञान एवं नवाचार केन्द्र स्थापित करने के कार्यों को गति देने को कहा। विशेष रूप से रुद्रप्रयाग में विज्ञान और नवाचार केन्द्र के लिए भूमि चिन्हित करने को कहा गया।

ये भी पढ़ें: CS की अध्यक्षता में हुई सचिव समिति की बैठक, E-DPR और E-Office को लेकर दिए अहम निर्देश

रोजगार केन्द्रों को किया जाए स्वरोजगार केन्द्रों के रूप में विकसित

रोजगार के मोर्चे पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि प्रदेश के 13 रोजगार केन्द्रों को स्वरोजगार केन्द्रों के रूप में विकसित किया जाए। इन्हें लाइब्रेरी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य सुविधाओं से सुसज्जित कर केंद्रीय स्वरोजगार केन्द्र बनाया जाएगा। इसके लिए उद्योग और सेवायोजन विभाग को मिलकर कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

आबादी वाले शहरों में पुस्तकालय खोलने के दिए निर्देश

शिक्षा क्षेत्र पर जोर देते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी जिला मुख्यालयों और 50 हजार से अधिक आबादी वाले शहरों में पुस्तकालय खोले जाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि इन पुस्तकालयों को दून लाइब्रेरी की तर्ज पर सोसाइटी मोड में संचालित किया जाए ताकि संचालन और रखरखाव में दिक्कतें न आएं।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें