उत्तराखंड : सरकार नहीं कर सकती, तो कांग्रेस कोर्ट में पैरवी को तैयार: गोदियाल


देहरादून: चारधाम यात्रा शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने विधानसभा के बाहर विरोध प्रर्दशन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआइ, महानगर कांग्रेस के कार्यकर्त्ताओं ने धरना दिया। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि चारधाम यात्रा चले। यही कारण है कि न्यायालय में मजबूत पैरवी नहीं की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह यात्रा हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी, रुद्रप्रयाग व चमोली जिले की आर्थिकी को सीधा प्रभावित करती है। सरकार जल्द से जल्द चारधाम यात्रा शुरू करे ताकि इससे जुड़े होटल, ढाबा, हस्तशिल्प, कुटीर, घोड़ा, दंडी वालों पंडित-पुजारियों को राहत मिल सके। साथ ही उत्तराखंड की लाइफ लाइन माने जाने वाली चार धाम यात्रा बीजेपी सरकार की लापरवाही से शुरू नहीं हो पाई।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर धीमी पड़ने के साथ ही राज्य सरकार का दायित्व था कि वो यात्रा को शुरू करने के लिए स्क्रीनिंग, टेस्टिंग, वैक्सिनेशन व यात्रा रूट पर अस्थायी आइसीयू युक्त अस्पताल दवाओं व डाक्टरों का समुचित प्रबंध करती व उच्च न्यायालय नैनीताल को अपनी तैयारियां का व्योरा दे कर संतुष्ट करें।