उत्तर प्रदेश में मतदान जारी है। तमाम दल और नेता अपने विपक्षियों पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। कांग्रेस भाजपा पर तो वहीं भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। आरोप प्रत्यारोपों का सिलसिला भी जारी है लेकिन इस सब के बीच कुछ तस्वीरें ऐसी और वीडियो वायरल हुई है जो इस बात को बयां करती है कि राजनीति में विरोधी होते हैं, दुश्मन नहीं।
सोशल मीडिया पर कांग्रेस की महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के हरदोई में आयोजित एक रोड शो का वीडियो वायरल हो रहा है जो हरीश रावत ने भी शेयर किया है। बता दें कि वीडियो में भाजपा के कुछ कार्यकर्ता उनके साथ सेल्फी लेते नज़र आ रहे हैं। यही नहीं, प्रियंका गांधी भी उन्हें पूरे जोश के साथ कांग्रेस का घोषणा पत्र थमा दिया।
बताया जा रहा है कि चुनावी मौसम में ये कार्यकर्ता किसी रैली से वापिस लौट रहे थे, तभी प्रियंका गांधी का काफिला वहां पहुंच गया। इन कार्यकर्ताओं को देखकर प्रियंका गांधी अपनी गाड़ी की छत पर चढ़ गईं और उन पर फूलों की माला उछाली। यहीं नहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इस मौके पर प्रियंका गांधी के साथ जमकर सेल्फियां लीं और कांग्रेस का घोषणा पत्र भी मांगा।
इससे पहले बुलंदशहर में भी प्रियंका गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के काफिले आमने-सामने आ गए थे। इस रैली में अखिलेश यादव के साथ रालोद प्रमुख जयंत चौधरी भी मौजूद थे। तब अखिलेश और यादव ने अपने चुनावी रथ की छत से प्रियंका गांधी का अभिवादन किया था और बदले में उन्हें भी गांधी की तरफ से ऐसी ही प्रतिक्रिया देखने को मिली।
राजनीति में ऐसी तस्वीरें दुर्लभ हैं-
भाजपा की रैली से लौट रहे लोगों ने @priyankagandhi जी से घोषणा पत्र और ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ की प्रचार सामग्री मांगी और साथ में सेल्फी ली।
वीडियो से स्पष्ट है जनता को ‘गर्मी’ और ‘चर्बी’ निकालने वाले नहीं, ‘भर्ती’ निकालने वाले चाहिए। pic.twitter.com/iCSQY5z6SG
— UP Congress (@INCUttarPradesh) February 22, 2022