पहाड़ जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। साल की शुरूआत में ही कुमाऊं मोटर्स ओनर्स यूनियन ने हड़ताल का ऐलान कर दिया है।
कुमाऊं मोटर्स ओनर्स यूनियन ने किया हड़ताल का ऐलान
नए साल पर और सर्दियों की छुट्टियों में पर्यटक उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों का रूख करते हैं। इसके साथ ही प्रवासी उत्तराखंडी भी सर्दियों की छुट्टियों में गांव लौटते हैं। इसी बीच नैनीताल, अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। कुमाऊं मोटर्स ओनर्स यूनियन (केएमयू) ने एक जनवरी से हड़ताल का ऐलान कर दिया है।
हिट एंड रन नियम के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल
मिली जानकारी के मुताबिक केमू बस चालकों ने आज से यानी एक जनवरी 2024 से अनिश्चितकाल तक हड़ताल की घोषणा केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए हिट एंड रन नियम के विरोध में की है। केमू स्टेशन प्रभारी गोपाल दुम्का द्वारा ये जानकारी दी गई है कि सोमवार से हल्द्वानी से पहाड़ों के लिए केमू की कोई भी बस संचालित नहीं की जाएगी।
सैलानियों को करना पड़ सकता है दिक्कतों का सामना
नए साल के जश्न के लिए देश ही विदेशों से भी पहाड़ों पर आए हुए हैं। ऐसे में हड़ताल होने से पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि केमू बसें केवल सैलानियों के लिए नहीं बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों के लिए आवागमन के लिए मुख्य साधन हैं। जिस से स्थानीय लोगों को भी परेशानी हो सकती है।