National

यूक्रेन में गोली लगने से घायल हुए हरजोत पहुंचे दिल्ली, आर्मी अस्पताल में हो रहा इलाज

बीते दिनों यूक्रेन में गोली लगने से घायल हुए दिल्ली के छतरपुर एक्सटेंशन निवासी छात्र हरजोत सिंह (31) सोमवार को दिल्ली पहुंच गए हैं। ये जानकारी केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने ट्वीट कर दी है। वीके सिंह ने आज जानकारी दी कि सभी 205 भारतीय छात्र-छात्रों के साथ वायुसेना का सी-17 हिंडन एयरबेस पर पहुंच गया है जिसमें हरजोत सिंह भी हैं। उन्होंने जानकारी दी कि हरसिंह सिंह का इलाज अब आर्मी अस्पताल में होगा।

आपको बता दें कि आज पोलैंड से 200 छात्रों को लेकर सी-17 ग्लोबमास्टर विमान शाम हिंडन एयरबेस पहुंचा। इस विमान में यूक्रेन के कीव में घायल हुए भारतीय हरजोत सिंह को भी पोलैंड से लाया गया। उनको तीन गोलियां लगी थीं। एक गोली उनके पैर, दूसरी घुटने और तीसरी गोली उनके हाथ को चीरते हुए सीने में लगी थी। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह भी विमान में साथ आए। उन्होंने छात्रों का हौसला बढ़ाया। वह पोलैंड में छात्रों को रेस्क्यू करने की तमाम व्यवस्थाएं संभाल रहे थे। विमान से उतरते ही छात्रों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। छात्रों को बस से उनके घर भेजा गया।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें