उधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर से किसानों ने विशाल रैली निकाली। इस रैली में 1000 से अधिक किसान ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ हजारों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान ने कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे का पुतला भी फूंका। बता दें कि यह रैली दिनेशपुर से कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे के घर के बाद गूलरभोज गदरपुर होते हुए गुरुद्वारा दिनेशपुर में समाप्त हुई, यहां किसान नेताओं ने कैबिनेट मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस दौरान किसानों ने कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे मुर्दाबाद के नारे लगाए।
इस दौरान किसान नेता सलविंदर सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय कहते हैं कि विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है तो हम भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे हैं। एक किसान ने कहा कि अरविंद पांडे भाजपाई को किसान बनाकर दिल्ली ले गए और झूठ कहा कि वहां के किसान बिल के समर्थन में हैं। कहा कि अरविंद पांडे की इससे छवि खराब हुई है और उनका 90 प्रतिशत वोटर किसान का था जो अगली बार के लिए उन्होंने खराब कर दिया है। किसान ने कहा कि आने वाले समय में किसान पांडे जी का नहीं होगा। किसानों ने अरविंद पांडे पर जमकर भड़ास निकाली और विरोध प्रदर्शन किया। वहीं किसान नेता तेजिंदर सिंह विर्क ने कहा कि कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे इसके लिए किसानों से माफी मांगे। माफी नहीं मांगने पर उनके किसी भी कार्यक्रम का विरोध लगातार करते रहने की चेतावनी दी। किसानों ने ऐलान किया कि अगर वो माफी नहीं मांगेंगे तो वो आने वाले समय में कैबिनेट मंत्री के सभी कार्यक्रम को नहीं होने देंगे।