पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी ने मंगलवार को नामांकन करवा लिया है। अनिल बलूनी ने भारत निर्वाचन आयोग को अपनी संपत्ति का विवरण सौंपा है। जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पास कुल कितनी चल और अचल संपत्ति है।
अनिल बलूनी के पास है कुल इतनी संपत्ति
भारत निर्वाचन आयोग को सौंपे गए संपत्ति के विवरण के मुताबिक अनिल बलूनी लखपति (चल संपत्ति) हैं। जबकि उनकी पत्नी दीप्ति जोशी करोड़पति हैं। दीप्ति जोशी के बैंक खाते में एक करोड़ रुपए से भी ज्यादा की राशि जमा है। बता दें कि अनिल बलूनी की पत्नी सरकारी सेवक हैं और वो अपने पति अनिल बलूनी से अधिक कमाती हैं।
बलूनी की वार्षिक आय है इतनी
भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी द्वारा भारत निर्वाचन आयोग को सौंपे गए शपथ पत्र के मुताबिक उनकी वार्षिक आय 12.33 लाख रुपए है। जबकि उनकी पत्नी दीप्ति जोशी की सालाना 29.10 लाख रुपए कमाती है। आय का ये विवरण उन्होंने वर्ष 2022-23 से आयकर रिटर्न में दर्शाया है। वर्तमान में अनिल बलूनी के बैंक खाते में कुल 38.71 लाख रुपए हैं। जबकि उनकी पत्नी के बैंक खाते में 1.08 करोड़ रुपए जमा हैं।
कोरोड़ों की है बलूनी की अचल संपत्ति
भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी की अचल संपत्ति की बात की जाए तो उनके और उनकी पत्नी के नाम पर कई भूमि व भवन दर्ज हैं जिनकी कीमत करोड़ों में है। अनिल बलूनी के नाम पर दर्ज अचल संपत्ति का बाजारी भाव वर्तमान में 1.10 करोड़ रुपए है। जबकि उनकी पत्नी के नाम दर्ज अचल संपत्ति की कीमत 1.21 करोड़ रुपए है। बता दें कि अनिल बलूनी और उनकी पत्नी पर किसी भी तरह का लोन नहीं है।