Uttarakhand Chamoli News

बद्रीनाथ धाम में जाम से राहत, अब घस्तौली मार्ग पर आसानी से पार्क हो रहे 200 वाहन

चारधाम यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच चमोली पुलिस की एक पहल रंग लाई है। बद्रीनाथ धाम और सीमांत क्षेत्र माणा में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव के बीच अब घस्तौली मार्ग पर नई पार्किंग व्यवस्था लागू होने से यातायात पहले की तुलना में अधिक सुचारु हो गया है। एसपी चमोली की दूरदर्शी पहल और प्रशासन, सेना व आईटीबीपी के बेहतर समन्वय से माणा क्षेत्र में नया पार्किंग कॉरिडोर तैयार किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है।

घस्तौली मार्ग पर आसानी से पार्क हो रहे 200 वाहन

दरअसल, चारधाम यात्रा के दौरान बद्रीनाथ धाम और माणा क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी आमद के चलते पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था चुनौती बनती जा रही थी। वहीं माणा क्षेत्र में मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों के कारण वाहन पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा था। इससे आए दिन लंबा जाम लग रहा था और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

SP ने रखा था चेक पोस्ट को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल पहल करते हुए जिला प्रशासन, सेना और आईटीबीपी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया। उन्होंने माणा-घस्तौली मार्ग पर स्थित सेना और आईटीबीपी चेक पोस्ट को सरस्वती पुल के पास स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि यात्री वाहनों के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्पेस तैयार किया जा सके।

एसपी चमोली की इस पहल पर सभी विभागों ने सकारात्मक सहयोग दिखाया और चेक पोस्ट को स्थानांतरित करने की मंजूरी दी गई। इसके बाद चमोली पुलिस ने आज से घस्तौली मार्ग पर व्यवस्थित ढंग से वाहनों की पार्किंग शुरू कर दी।

माणा में जाम की समस्या से मिल रही राहत

नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब करीब 150 से 200 वाहन आसानी से पार्क हो पा रहे हैं। इसका सीधा असर यातायात व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। माणा क्षेत्र में जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिली है और श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक सुगम व सुविधाजनक बन गई है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें