UttarakhandHighlight

सर्विकल कैंसर से बचाव: अब 4 हजार का टीका मुफ्त, उत्तराखंड में HPV टीकाकरण अभियान शुरू

सर्विकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कर दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से की गई। प्रदेश स्तर पर इस अभियान का शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा जिला चिकित्सालय (गांधी शताब्दी) में किया । कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और विधायक खजान दास भी मौजूद रहे।

14 साल की बालिकाओं को HPV वैक्सीन

डीजी हेल्थ, सीएमओ, पीएमएस सहित बड़ी संख्या में आशा वर्कर्स ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। अधिकारियों ने अभियान की रूपरेखा और इसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। इस राष्ट्रीय अभियान के तहत 14 साल की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। देशभर में इसकी लाभार्थी करीब एक करोड़ से अधिक बालिकाएं होंगी। प्रदेश को भारत सरकार की ओर से 95 हजार डोज पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं।

155 केंद्रों पर किया जाएगा टीकाकरण

प्रदेशभर में कुल 155 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। पहले चरण में आज से प्रदेश के सभी 13 जिलों में 1 लाख 22 हजार बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। योजना के अनुसार हर वर्ष एक करोड़ से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा। सरकार ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों की भी भागीदारी सुनिश्चित की है।

जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को करेंगे जागरूक

अगले एक महीने तक सांसद, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर इस अभियान में शामिल होंगे और लोगों को जागरूक करेंगे। गौरतलब है कि बाजार में करीब 4 हजार रुपए कीमत वाला यह टीका बालिकाओं को पूरी तरह निशुल्क लगाया जा रहा है, जिससे सर्विकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम में अहम मदद मिलेगी।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें