Highlight

SATTE 2026 में उत्तराखंड की मौजूदगी, KMVN–GMVN के साथ पर्यटन की नई तस्वीर की पेश

दक्षिण एशिया के सबसे बड़े पर्यटन मेले SATTE 2026 में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) ने कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) और गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के साथ संयुक्त रूप से अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेला 25 से 27 फरवरी 2026 तक यशोभूमि (IICC), द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है, जहां उत्तराखंड अपने विविध पर्यटन गंतव्यों और नई पहलों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।

संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र के साथ ही उत्तराखंड पवेलियन में देश-विदेश से आए टूर ऑपरेटर्स, निवेशकों और ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधियों की विशेष रुचि देखने को मिली। इस वर्ष SATTE 2026 में उत्तराखंड का फोकस थीम-आधारित पर्यटन पर केंद्रित है। इको-फ्रेंडली माउंटेन ट्रेल्स और होमस्टे आधारित पर्यटन को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। बजट 2026 में घोषित नई पर्वत श्रृंखलाओं और ट्रेकिंग रूट्स को भी प्रदर्शनी का अहम हिस्सा बनाया गया है, जिससे साहसिक और प्रकृति प्रेमी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके।

राज्य के करीब 99 सह-प्रदर्शक ने लिया हिस्सा

उत्तराखंड पवेलियन में राज्य के करीब 99 सह-प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। इनमें प्रमुख होटल व्यवसायी, टूर ऑपरेटर्स और एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों द्वारा संचालित होमस्टे को बढ़ावा देने के लिए एक अलग और समर्पित खंड तैयार किया गया है, ताकि पर्यटक उत्तराखंड की स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक आतिथ्य का वास्तविक अनुभव ले सकें। रणनीतिक स्तर पर SATTE 2026 को निवेश और पर्यटन विस्तार के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। पर्यटन विभाग के अधिकारी और राज्य के हितधारक अंतरराष्ट्रीय व घरेलू खरीदारों के साथ बी2बी मीटिंग्स कर रहे हैं, जिससे राज्य में पर्यटन निवेश को बढ़ावा मिल सके।

उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है SATTE

प्रदर्शनी के माध्यम से उत्तराखंड की नई पर्यटन नीति 2026 की भी जानकारी दी जा रही है। इस नीति में हेली-टूरिज्म, कारवां टूरिज्म और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक सब्सिडी और प्रोत्साहनों का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही सतत और पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन को राज्य के दीर्घकालिक रोडमैप के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस आयोजन में अपर निदेशक पर्यटन पूनम चंद द्वारा उत्तराखंड पर्यटन का प्रतिनिधित्व किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि SATTE उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां केदारनाथ-बदरीनाथ जैसे पारंपरिक धार्मिक स्थलों के साथ-साथ राज्य के अनछुए ऑफबीट डेस्टिनेशन और साहसिक गतिविधियों को भी वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें