बिना पंजीकरण के चला रहा था जन सेवा केंद्र, तैयार हो रहे थे फर्जी आधार कार्ड

एसटीएफ ने ऊधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में फर्जी तरीके से संचालित एक जन सेवा केंद्र का भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड, मार्कशीट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
सिडकुल में नौकरी के लिए बन रहे थे फर्जी आईडी कार्ड
बता दें एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे बाहरी व्यक्तियों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसी क्रम में एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गंगवार जन सेवा केंद्र पर छापेमारी की। छापे के दौरान चेतन कुमार (21 वर्ष), निवासी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। जो वह वर्तमान में ट्रांजिट कैंप स्थित गड्डा कॉलोनी में रह रहा था।
बिना पंजीकरण के चला रहा था जन सेवा केंद्र
जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले एक साल से बिना पंजीकरण के जन सेवा केंद्र चला रहा था। सिडकुल क्षेत्र के पास स्थित होने के कारण यहां बाहरी राज्यों से आए लोग नौकरी पाने के लिए स्थानीय पहचान पत्र बनवाने आते थे। सिडकुल में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलने के चलते कई बाहरी व्यक्ति फर्जी आधार कार्ड और मार्कशीट तैयार करवा रहे थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन के जरिए ग्राहकों की फोटो लेकर नाम और पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड प्रिंट कर देता था। इसके बदले वह मोटी रकम वसूलता था। अब तक उसने करीब 400 से 500 लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं।
STF ने सील किया जन सेवा केंद्र
दुकान की तलाशी में 42 आधार कार्ड, 55 प्लास्टिक पैन कार्ड, 9 मार्कशीट, एक मॉनिटर, एक सीपीयू, एक प्रिंटर और एक बायोमैट्रिक फिंगर स्कैनर बरामद किया गया। जांच में पाया गया कि कई आधार कार्डों में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पते दर्ज थे, जिन्हें एडिट कर उत्तराखंड का दर्शाया जाना था। एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जन सेवा केंद्र को सील कर दिया है।एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि राज्य में फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध तरीके से नौकरी करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।