सौर ऊर्जा में उत्तराखंड की बड़ी छलांग, 26 राज्यों को पछाड़कर टॉप-10 में बनाई जगह

घरों में सौर ऊर्जा को अपनाने के मामले में उत्तराखंड ने बीते एक साल में बड़ी छलांग लगाई है। उत्तराखंड ने रूफटॉप सोलर के क्षेत्र में देश के 26 राज्यों को पीछे छोड़ते हुए टॉप10 राज्यों की सूची में अपनी जगह बना ली है।
उत्तराखंड में स्थापित किए 58 हजार रूफटॉप सोलर सिस्टम
ऊर्जा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में उत्तराखंड में 58,562 रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। इनसे 58,724 परिवार सीधे तौर पर लाभान्वित हो रहे हैं और उन्हें मुफ्त या बेहद कम लागत पर बिजली उपलब्ध हो रही है। खास बात यह है कि यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में करीब छह गुना अधिक है।
देशभर में 9वें स्थान पर है उत्तराखंड
फरवरी 2024 में शुरू की गई प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के बाद देशभर में रूफटॉप सोलर लगाने की रफ्तार तेज हुई है। योजना की शुरुआत से अब तक पूरे देश में 20,85,514 रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। राज्यवार प्रगति के मामले में उत्तराखंड 9वें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि उसने कई अधिक आबादी वाले राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है।
एक साल में डेढ़ प्रतिशत से बढ़कर तीन प्रतिशत पहुंची हिस्सेदारी
आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल रूफटॉप सोलर कनेक्शनों में उत्तराखंड की हिस्सेदारी पिछले एक साल में डेढ़ प्रतिशत से बढ़कर तीन प्रतिशत तक पहुंच गई है। उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी के मुख्य परियोजना अधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत राज्य ने अपने लक्ष्य के अनुरूप सकारात्मक प्रगति की है।