
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 28 जनवरी के लिए भी बारिश और ऊंचाई वाली पहाड़ियों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में 28 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम? 28 january Uttarakhand Weather Update
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सी. एस. तोमर की ओर से जारी किए पूर्वानुमान के अनुसार 28 जनवरी को नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर और चंपावत जिले में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इन जिलों के लिए मौसम वैज्ञानिकों ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बर्फबारी और हिमस्खलन की संभावना
उत्तराखण्ड राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमस्खलन की संभावनाओं को देखते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जनपदों को सतर्क कर दिया है। रक्षा भू-सूचना अनुसंधान संस्थान, चंडीगढ़ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 जनवरी की शाम 5 बजे तक राज्य के विभिन्न ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमस्खलन की संभावना व्यक्त की गई है।
डीजीआरई द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस श्रेणी में अधिकांश हिमस्खलन मार्गों पर गहरी और अस्थिर बर्फ जमी रहती है, जिसके कारण प्राकृतिक हिमस्खलन की आशंका रहती है।
वहीं पिथौरागढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस श्रेणी में कुछ हिमस्खलन मार्गों पर अस्थिर बर्फ पाई जाती है तथा सीमित क्षेत्रों में छोटे आकार के प्राकृतिक हिमस्खलन की आशंका बनी रहती है।इसके अलावा बागेश्वर के लिए ग्रीन अलर्ट जारी किया है।
उधम सिंह नगर में 28 जनवरी को बंद रहेंगे स्कूल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद उधमसिंह नगर पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी ने जिले के सभी स्कूलों के लिए 28 जनवरी को अवकाश घोषित कर दिया है। जिसे लेकर 27 जनवरी की शाम को ही आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश में साफ़ कहा गया है कि अनुपालन न करने वाले स्कूलों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

तापमान पर डालें नजर
वहीं तापमान की बात करें तो मसूरी में कल अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसके अलावा देहरादून में कल अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा।