त्रिवेंद्र रावत समेत अन्य नेताओं का गदरपुर दौरा रद्द, विधायक अरविंद पांडे ने बताई वजह

गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास पर प्रस्तावित नेताओं का दौरे रद्द होने पर विधायक का बयान सामने आया है। विधायक ने कहा कि फिलहाल खुद उन्होंने अपने आवास पर नेताओं को आने से मना किया है।
विधायक अरविंद पांडे ने बताई दौरा रद्द होने की वजह
हरिद्वार सांसद पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, मदन कौशिक और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी का आज गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास पर प्रस्तावित दौरा रद्द हो गया था। जिसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई थी। अरविंद पांडे ने बताया कि उन्होंने खुद भाजपा नेताओं को अपने आवास पर आने से मना किया था।
दौरा रद्द होने के बाद मायूस दिखे कार्यकर्ता
विधायक ने भाजपा नेताओं का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनावी साल है। उन्होंने कल शाम चारों नेताओं से बात की थी। उन्होंने खुद ही उन्हें आने से मना किया है। इसी वजह से यह कार्यक्रम स्थगित किया गया है। गौरतलब है कि बीजेपी नेताओं के आने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह था। दौरा रद्द होने के बाद सभी कार्यकर्ता निराश दिखे।
ये भी पढ़ें: त्रिवेंद्र रावत का गदरपुर दौरा रद्द, अब विधायक के घर नहीं जाएंगे सांसद, इस वजह से लिया फैसला
विधायक अरविंद पांडे पर हैं जमीन कब्जाने के आरोप
आपको बता दें कि विधायक अरविंद पांडे फिलहाल ज़मीन घोटाले के आरोपों और प्रशासन द्वारा उनके कैंप ऑफिस को अवैध घोषित करने वाले नोटिस की वजह से सुर्खियों में हैं। यह कार्यक्रम इन्हीं विवादों के बीच प्लान किया गया था। चर्चा ये भी थी कि हाईकमान की नाराजगी के चलते ये दौरा रद्द हुआ है।