SportsHighlight

GT vs MI Pitch Report: गुजरात या मुंबई, कौन पकड़ेगा क्वालिफायर-2 की टिकट?

GT vs MI Pitch Report: आईपीएल 2025 अपने रोमांचक मोड़ पर है। पहले क्वालिफायर के बाद अब सबकी नजरें टिकी हैं एलिमिनेटर मुकाबले पर। ये मैच तय करेगा कि तीसरे और चौथे पायदान की कौन सी टीम आगे बढ़ेगी और किसका सीजन यहीं थम जाएगा।

मुल्लांपुर की पिच तैयार है। जहां गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। ये मैच एक तरह से करो या मरो की स्थिति है। जो जीतेगा वो क्वालिफायर-2 में पंजाब किंग्स से भिड़ेगा और जो हारेगा वो सीधे घर जाएगा।

कौन पकड़ेगा क्वालिफायर-2 की टिकट?

गुजरात टाइटंस की शुरुआत इस सीजन में दमदार रही थी, लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ा, टीम की लय गड़बड़ाने लगी। आखिरी दो मैचों में लगातार हार के चलते वो टॉप से तीसरे नंबर पर फिसल गई।

वहीं मुंबई इंडियंस की कहानी उलटी रही। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में शुरुआत धीमी थी लेकिन फिर टीम ने जबरदस्त वापसी की। उन्होंने लगातार 6 मुकाबले जीते और प्लेऑफ में चौथे स्थान पर जगह बना ली।

मुल्लांपुर की पिच कैसी है? GT vs MI Pitch Report

इस मैदान की पिच बल्लेबाजों के लिए बेहतरीन मानी जाती है। यहां बॉल अच्छे से बैट पर आती है। जिससे स्ट्रोक प्ले आसान होता है। हालांकि शुरुआत में पेसर्स को हल्की मदद मिलती है। अब तक यहां 5 मुकाबले हो चुके हैं। इनमे से 3 बार 200+ स्कोर बना है। वहीं 3 बार टीमें 120 से नीचे सिमट भी चुकी हैं।

यही मैदान है जहां पंजाब किंग्स क्वालिफायर-1 में सिर्फ 101 रन पर ढेर हो गई थी। उनकी बल्लेबाजी में ना तो संयम दिखा, ना ही शॉट सेलेक्शन में समझदारी। आरसीबी ने इस टारगेट को महज़ 10 ओवर में चेज कर लिया था।

हेड टू हेड में कौन भारी?

गुजरात टाइटंस का मुंबई के खिलाफ रिकॉर्ड दमदार है। अब तक दोनों टीमें 7 बार भिड़ी हैं, जिनमें से 5 मैच गुजरात ने जीते हैं। इस सीजन की दोनों टक्करों में भी शुभमन गिल की टीम ने बाज़ी मारी थी। 2023 के एलिमिनेटर में भी दोनों आमने-सामने थे और तब भी जीत गुजरात की हुई थी।

मुल्लांपुर का मौसम क्या कहता है?

Accuweather के मुताबिक शुक्रवार को तापमान दिन में 39°C और रात में करीब 28°C रह सकता है। मैच के वक्त यानी शाम के समय तापमान लगभग 35°C के आसपास रहेगा। अच्छी खबर ये है कि बारिश की कोई खास संभावना नहीं है—दिन में बस 2% और रात में तो बिल्कुल भी नहीं। यानी मुकाबला पूरे 20 ओवर का देखने को मिलेगा।

कुल मिलाकर, ये मुकाबला दो मजबूत टीमों के बीच है। एक ने शुरुआत में चमक दिखाई। तो दूसरी ने आखिरी में रफ्तार पकड़ी। अब देखना ये है कि कौन सा एक्सप्रेस टिकट कटेगा क्वालिफायर-2 के लिए।

Uma Kothari

उत्तराखंड की डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय उमा कोठारी खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) में बतौर पत्रकार कार्यरत हैं। वे राजनीति, मनोरंजन, खेल और ट्रेंडिंग विषयों पर गहन और तथ्यपरक खबरें लिखती हैं। उत्तराखंड के स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर इनकी पकड़ मजबूत है। डिजिटल मीडिया में इनका अनुभव पाठकों को सटीक, संतुलित और समय पर जानकारी देने में सहायक है। उत्तराखंड | खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें