निकाय चुनाव में धामी-धामी : देहरादून की मेयर सीट पर सौरभ थपलियाल का कब्जा, कांग्रेस को दी करारी शिकस्त

देहरादून नगर निगम में मेयर पद के नतीजे घोषित हो गए हैं. भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रहे सौरभ थपलियाल ने मेयर की कुसरी पर कब्जा कर लिया है. उनकी जीत के बाद से थपलियाल के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है.
देहरादून की मेयर सीट पर सौरभ थपलियाल का कब्जा
भाजपा प्रत्याशी सौरभ थपलियाल ने देहरादून नगर निगम में अब तक के इतिहास की सबसे बड़ी जीत हासिल की है. सौरभ थपलियाल को 241778 वोट मिले हैं. जबकि कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल को 136483 वोट मिले हैं. थपलियाल ने पोखरियाल को एक लाख पांच हजार 295 मतों से करारी शिकस्त दी है. नगर निगम में यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है.
64 वार्ड में भाजपा ने किया कब्जा
बता दें नगर निगम में 100 वार्ड में से 64 वार्ड में भाजपा ने कब्जा किया है. दूसरे नंबर पर कांग्रेस रही है. कांग्रेस के 23 पार्षद प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है. जबकि 13 निर्दलीय रूप से पार्षद बने हैं. जानकारी के लिए बता दें देहरादून नगर निगम में कुल 415001 वोट पड़े. जिसमें से 2924 लोगों ने नोटा पर भी अपनी मोहर लगाई है.
कौन हैं सौरभ थपलियाल ?
सौरभ थपलियाल ने साल 1998 में विश्व विद्यालय प्रमुख बनकर छात्र राजनीति से अपने सफर की शुरूआत की थी. साल 1999 में डीएवी दून में वो छात्र संघ महासचिव रहे. इसके बाद साल साल 2000 में डीएवी दून में छात्र संघ अध्यक्ष रहे. इसके बाद 2000 में गढ़वाल छात्र महासंघ अध्यक्ष, 2001 में उत्तराखंड छात्र महासंघ अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा, साल 2003 में जिला महामंत्री, साल 2007 में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे. इसके बाद साल 2010 में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रहे जबकि साल 2013 प्रदेश अध्यक्ष बने.
सबसे कम उम्र के प्रत्याशी हैं सौरभ थपलियाल
बता दें कि सौरभ थपलियाल दून में मेयर पद के भाजपा के अब तक के सबसे कम उम्र के प्रत्याशी हैं. इसके साथ ही सौरभ को बेदाग छवि वाला नेता माना जाता है. सौरभ ने मेयर टिकट की रेस में कई दिग्गज नेताओं को पीछे छोड़ दिया है. उनकी गिनती केंद्रीय मंत्री धमेद्र प्रधान से लेकर सीएम धामी के खास लोगों में होती है.