हल्द्वानी : मुखानी-दोनहरिया रोड पर स्थित मथुरा विहार में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक का शव बाथरुम में मिला। आस पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं पुलिस जांच कर रही है कि ये हत्या है या आत्महत्या। वहीं मृतक के परिजनों ने युवक की मौत को प्राकृतिक मौत बताकर पोस्टमार्टम का विरोध किया जिसके बाद पुलिस वापस लौट गई।
पुलिस के अनुसार मथुरा विहार निवासी 36 वर्षीय तरुण गुणवंत पुत्र स्व. टीका राम गुणवंत धर्मिक प्रवर्ति का था। तरुण के बड़े भाई दीपक गुणवंत का मुखानी-दोनहरिया बाईपास पर गुणवंत जनरल स्टोर है। उनकी कई दुकानें हैं और उसी के पीछे रिहायशी घर है। जानकारी मिली कि बीते दिन शुक्रवार को शाम करीब 6 बजे तरुण बाथरूम के अंदर गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया। जिससे परिवार वालों को शक हुआ और दुकान से बड़े बेटे दीपक को बुलाया। कई बार आवाज लगाने पर भी बाथरूम से कोई जवाब नहीं आया तो परिवार वालों ने दरवाजे को तोड़ा तो देखा कि तरुण अचेत पड़ा था। जिसके बाद परिवार वाले उसे नजदीक के अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिवार वाले वापस घर आ गए। रात करीब 9 बजे आस पड़ोस के लोंगो ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और शक जताया।सूचना पाकर मौके पर पुलिस फोर्स पहुंची औऱ शव को पीएम के लिए ले गए लेकिन परिवार वालों ने इसका विरोध किया तो पुलिस वापस लौट गई।