इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई एक बुजुर्ग महिला की वीडियो का संज्ञान लेते हुए आखिरकार अल्मोड़ा पुलिस ने उसे तलाश निकाला है। महिला को उसके घर तक पहुंचाने में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बेहद अहम भूमिका निभाई।
दरअसल हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर एक बुजुर्ग महिला का वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में वो महिला खुद को अल्मोड़ा के रानीखेत का बता रहीं थीं। ये वीडियो सीएम धामी तक पहुंचा। सीएम ने अल्मोड़ा पुलिस को इस महिला की तलाश करने के लिए कहा।
इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने महिला की तलाश शुरु की। महिला के मुंबई में होने का पता चला। पुलिस ने महिला तक पहुंच बनाई और एक टीम बुजुर्ग महिला को लेने मुंबई निकल गई। वहीं अब अल्मोड़ा पुलिस ने इस बुजुर्ग महिला को अपने साथ ले लिया है।
बुजुर्ग महिला की पहचान हेमा देवी निवासी ग्राम कोटियाग तहसील भिकियासैण जिला अल्मोड़ा के तौर पर हुई है। वह मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं तथा पिछले 5-6 महीने से लापता हैं। उनकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई है।
अब इनका मेडिकल चेकअप कराकर लाया जा रहा है। बुजुर्ग महिला के मिल जानें पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस टीम को बधाई दी है।