चलती ट्रेन से गिर गई महिला, GRP जवान की सर्तकता से ऐसे बची जान

हल्द्वानी में काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा GRP जवान की सर्तकता से टल गया। यहां पर एक महिला हड़बड़ाहट में ट्रेन से नीचे उतर रही थी। इसी बीच वो चलती ट्रेन से गिर गई। जीआरपी के हेड कांस्टेबल ने महिला को गिरता देख उसे तुरंत बचा लिया।
चलती ट्रेन से गिरी महिला की GRP जवान ने बचाई जान
नैनीताल जिले के काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के हेड कांस्टेबल की सर्तकता ने एक महिला की जान बचा ली। काठगोदाम में एक महिला चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रही थी।
इसी दौरान वो गिर गई। जैसे ही जीआरपी के हेड कांस्टेबल ने उन्हें देखा तो दौड़कर वहां जाकर महिला की जान बचा ली। बता दें कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
हड़बड़ाहट में ट्रेन से उतरने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक दमुवाढूंगा के शिवपुरी निवासी आनंदी देवी (40) अपने पति के साथ अपने रिश्तेदारों को काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस में बैठाने पहुंचीं थी। अपने नियत समय पर ट्रेन चल पड़ी। लेकिन महिला ट्रेन में ही रह गई।
हड़बड़ाहट में वो बाहर जाने के लिए चलती ट्रेन से ही उतरने लगी। इसी दौरान वो ट्रेन के दरवाजे के पास वह लटक गईं। महिला को गिरता देख वहां मौजूद जीआरपी जवान ट्रेन की तरफ दौड़े।
GRP जवान ने ऐसे बचाई महिला की जान
महिला को बचाने के लिए हेड कांस्टेबल अनिल कुमार ने ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच लटकी महिला को अपना हाथ देकर उसका हाथ पकड़कर प्लेटफार्म पर खींचने की कई बार कोशिश की लेकिन वो ऐसा करने में कामयाब नहीं हो पाए।
इस बीच ट्रेन ने स्पीड बढ़ा दी तो अनिल ने भी दौड़ लगाई। जिसके बाद वो महिला को प्लेटफार्म पर सुरक्षित खींचने में कामयाब हो गए और ऐसे उनकी सतर्कता के कारण महिला की जान बच गई।