विंग कमांडर दीपिका मिश्रा को मिला वीरता पुरस्कार, बाढ़ राहत अभियान में दिखाया था ”असाधारण साहस”

वायुसेना से खुशखबरी सामने आई है । विंग कमांडर दीपिका मिश्रा को वीरता पुरस्कार मिला है । वीरता पुरस्कार पाने वाली दीपिका मिश्रा वायुसेना की पहली महिला अधिकारी बन गई है ।
बाढ़ राहत अभियान में दिखाया ”असाधारण साहस”
राजस्थान की रहने वाली दीपिका को मध्य प्रदेश में बाढ़ राहत अभियान के दौरान प्रदर्शित ”असाधारण साहस” के कार्य के लिए वायुसेना पदक (वीरता) से सम्मानित किया गया। वायुसेना के प्रवक्ता ने बताया कि सेवा के प्रति समर्पण के लिए वायुसेना की महिलाओं को अतीत में पुरस्कार मिला है, लेकिन यह पहली बार है कि भारतीय वायुसेना की महिला अधिकारी को वीरता पुरस्कार प्रदान किया गया है। एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने सुब्रतो पार्क में वायुसेना सभागार में अलंकरण समारोह में गुरुवार को कई अधिकारियों और वायु योद्धाओं को युद्ध सेवा पदक और अन्य पुरस्कार प्रदान किए।
दो अधिकारियों को मिला युद्ध सेवा पदक
वहीं वायुसेना के दो अधिकारियों को युद्ध सेवा पदक से नवाजा गया है । साथ ही 13 अधिकारियों और वायु योद्धाओं को वायुसेना पदक (शौर्य), 13 अधिकारियों को वायुसेना पदक और 30 विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि कुल 58 व्यक्तियों, जिनमें 57 वायुसेना से और एक सेना से हैं, जिन्हें पुरस्कार मिले हैं।