दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को अलविदा कह दिया है। उन्होनें पार्टी पर आरोप लगाते हुए केजरीवाल को पत्र भी भेजा है। उनका कहना है कि हम लोगों से किए वादों को पूरा नहीं कर पाए। गहलोत ने कहा कि हमने पिछले चुनाव में यमुना नहीं साफ करने का वादा किया था, लेकिन हम वादा पूरा नहीं कर पाए। उन्होनें अपने पत्र में लिखा मेरे पास आप पार्टी से अलग होने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है।
2015 में ज्वाइन की थी आप पार्टी
बता दें कि कैलाश गहलोत ने साल 2015 में आप पार्टी ज्वाइन की थी। उन्होनें साउथ वेस्ट दिल्ली की नजफगढ़ विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें जीत मिली थी। साल 2017 में उन्होनें कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। वह दिल्ली के परिवहन मंत्री बने। साल 2020 में भी वह लगातार दूसरी बार नजफगढ़ से चुनाव जीते थे।
कई विभागों की संभाली जिम्मेदारी
कैलाश गहलोत ने दिल्ली सरकार में सिर्फ परिवहन मंत्रालय नही बल्कि फाइनेंस और रेवेन्यु समेत कई विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी।
एक कुशल वकील हैं Kailash gahlot
कैलाश गहलोत का जन्म 11 मार्च 1974 को हुआ था। वे नई दिल्ली में एक जाट परिवार में जन्मे थे। उन्होनें दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ आर्ट्स, बैचलर ऑफ लॉ, मास्टर ऑफ लॉ की डिग्री प्राप्त की है। गहलोत को दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का एक कुशल वकील माना जाता है। उन्होनें कई बड़े केस लड़े हैं। साल 2005 से साल 2007 तक वह दिल्ली हाईकोर्ट के बार एसोसिएशन के सदस्य भी रहे। उन्होनें मौसमी मिश्रा गहलोत से शादी की है। उनकी दो बेटियां हैं।



