मणिपुर से एक बार फिर हिंसा की खभर सामने आई है। यहां तेंगनौपाल जिले में हुई हिंसा के दौरान 14 लोगों की मौत हो गई है। घटना सोमवार के दोपहर की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट में मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल को टेंग्नौपाल जिले के साइबोल के पास लीथू गांव में आतंकवादियों के दो समूहों के बीच गोलीबारी होने की खबर मिली थी। जैसे ही सुरक्षाबल लीथू गांव में पहुंची तभी उन्हें घटनास्थल से 14 लोगों के शव मिले। हालांकि शवों के पास से कोई हथियार नहीं मिला। मृत लोगों की पहचान की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
शवों के पास नहीं मिला कोई हथियार
हिंसा में 14 लोगों की मौत हुई है। शवों के पास कोई हथियार नहीं मिला है। कहा जा रहा है कि मृतक लीथू क्षेत्र के नहीं लगते हो सकता है कि वे किसी दूसरी जगह से आए हों जिसके बाद वे एक अलग समूह के साथ गोलीबारी में शामिल हो गए और उनकी जान चली गई। हालांकि घटनास्थल पर पुलिस बल भी मौजूद है।
3 मई से मणिपुर में फैली हिंसा
बता दें कि मणिपुर में 3 मई से ही मैतई और कुकी समुदायों के बीच जातीय झड़पों से हिंसा भड़का हुआ है। इन झड़पों में कम से कम 182 लोग मारे गए और लगभग 5000 बेघर हो गए। सात महिनों के बाद हिंसा प्रभावित राज्य में कुछ जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध हटा दिया था। पिछले सात महिनों में अधिकांश हिंसा, गोलीबारी, आगजनी और अपहरण हुए हैं। केंद्र और मणिपुर सरकार द्वारा राज्य के सबसे पुराने उग्रवादी संगठन यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फोर्स के साथ नई दिल्ली में शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने के चार दिन बाद निलंबन हटाया गया था।