
Vinay tyagi murder case: हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र में लक्सर फ्लाईओवर पर हुई दिनदहाड़े गोलीबारी में घायल कुख्यात अपराधी विनय त्यागी की उपचार के दौरान एम्स में मौत हो गई। प्रशासन की ओर से शनिवार को विनय त्यागी को मृत घोषित कर दिया गया। लेकिन उसकी मौत के बाद जो खुलासे सामने आए हैं, उन्होंने पूरे मामले को बेहद गंभीर मोड़ पर ला खड़ा किया है।
विनय त्यागी की सीमा ने किया बड़ा खुलासा
विनय त्यागी की बहन सीमा त्यागी ने मीडिया के सामने आकर इस हमले को महज आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश बताया है। सीमा त्यागी का कहना है कि विनय एक बड़े ठेकेदार की 750 करोड़ रुपये की काली कमाई के राज जानता था, जिसे उजागर करने की कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
ये भी पढ़ें: गोलीबारी में घायल कुख्यात विनय त्यागी की उपचार के दौरान मौत, बदमाशों ने मारी थी गोली
ED के सामने खोलने वाला था विनय बड़े राज: सीमा
सीमा के अनुसार, यह काली रकम देहरादून के एक डॉक्टर के घर छुपाकर रखी गई थी। डॉक्टर और विनय त्यागी के बीच अच्छी दोस्ती थी और विनय को यह जानकारी मिल गई थी कि यह रकम ठेकेदार की अवैध कमाई है। सीमा का दावा है कि विनय इस रकम को ईडी को सौंपना चाहता था और इस फैसले में डॉक्टर भी उसके साथ था।
झूठे आरोपों पर भेजा जेल
सीमा ने आरोप लगाया कि जब यह बात संबंधित ठेकेदार को पता चली तो उसने पूरे घटनाक्रम को दबाने के लिए साजिश रची। पहले डॉक्टर पर दबाव बनाया गया और फिर उसी डॉक्टर के माध्यम से विनय पर चोरी के आरोप लगाकर उसे जेल भिजवा दिया गया। सितंबर में विनय को चोरी के एक मामले में जेल भेजा गया, जबकि यह पूरी कार्रवाई झूठे आरोपों पर आधारित थी।
ठेकेदार ने किया था परेशान
सीमा त्यागी ने यह भी आरोप लगाया कि विनय त्यागी की पत्नी द्वारा चुनाव लड़ने के दौरान ठेकेदार ने उन्हें लगातार परेशान किया था। इसी रंजिश के चलते विनय ठेकेदार से बदला लेना चाहता था और उसने तय किया था कि वह उसकी काली कमाई को ईडी के हवाले कर देगा। बहन का कहना है कि विनय के खिलाफ लक्सर और पुरकाजी में झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए।
फर्जी कागजात तैयार कर करवाया जेल से स्थानांतरण
सीमा ने बताया कि देहरादून जेल से रुड़की जेल स्थानांतरण के लिए विनय के फर्जी कागजात तैयार किए गए, जबकि परिवार की ओर से ऐसा कोई आवेदन नहीं दिया गया था। सीमा का आरोप है कि सुरक्षा में जानबूझकर लापरवाही बरती गई, ताकि विनय को रास्ते से हटाया जा सके।
24 दिसंबर को हुई थी कुख्यात विनत पर फायरिंग
बता दें कि 24 दिसंबर को विनय त्यागी को रुड़की जिला कारागार से स्पेशल पुलिस वाहन के जरिए लक्सर कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। जैसे ही वाहन लक्सर फ्लाईओवर के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इलाज के दौरान विनय की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: लक्सर फायरिंग में बड़ी कार्रवाई!, गैंगस्टर विनय त्यागी को गोली मारने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार – Haridwar News