अल्मोड़ा: स्याल्दे ब्लॉक के बरंगल गांव के किमबगड़ तोक में तेंदुए ने 50 साल की महिला को मार डाला। महिला तीन दिन से लापता थी। उनका शव गांव से 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। जौरासी के रेंजर मोहन राम का कहना है कि पहले आदमखोर घोषित किए जा चुके तेंदुए ने ही महिला को अपना शिकार बनाया होगा।
किमबगड़ तोक निवासी शांति देवीघर पर अकेले रहती थी। तीन दिन से लापता थी। ग्रामीण उसकी खोज में लगे थे। महिला के घर के आसपास तेंदुए के पंजों के निशान भी देखे गए। एक दिन पहले ग्रामीणों और उप वन क्षेत्राधिकारी हेम चंद्र आर्य के नेतृत्व में टीम ने महिला की फिर खोजबीन की।
इस दौरान महिला के घर से करीब दो सौ मीटर दूर झाड़ियों में क्षत विक्षत शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव ग्रामीणों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों ने तहसीलदार और रेंजर से तेंदुए से निजात दिलाने की मांग की। वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है। साथ ही शिकारी को भी बुलाया गया है।