देहरादून: 23 मार्च को उत्तराखंड में नई सरकार के गठन के साथ ही पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ 8 कैबिनेट मंत्रियों ने मंत्री पद की शपथ ले ली थी। लेकिन, अभी तक पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्रियों को विभागों का बंटवारा नहीं किया है। जिसको लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
उत्तराखंड में नई सरकार के गठन हुए पांच दिन हो चुके हैं। लेकिन, सीएम धामी ने अब तक अपने मंत्रियों को विभागों का बंटवारा नहीं किया, जिसको लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। 29 मार्च से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में संसदीय कार्य मंत्री की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भले ही कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को दे दी हां, लेकिन विभागों का बंटवारा कब करेंगे इस पर भी मंत्रियों की नजरें लगी हुई हैं।
कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री विभाग मंत्रियों को बांट देंगे। मंत्रियों को विभागों का बंटवारा न किए जाने को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शपथ लेने के बाद व्यस्त चल रहे हैं।
देश के चार राज्यों में भाजपा की सरकार आई है। उनको अन्य तीन राज्यों के शपथ ग्रहण में भी शामिल होने जाना पड़ रहा है। उत्तराखंड में राष्ट्रपति के आगमन के चलते भी विभाग बंटवारे में थोड़ी सी देरी जरूर हो गई है। लेकिन, जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रियों को विभाग बांट देंगे।
मंत्रियों के मंत्री पद की शपथ लेने के बाद जहां मंत्री विभाग बंटवारे का इंतजार कर रहे हैं। वही मंत्री पद की शपथ लेने के बाद मंत्री अपने रुतबे का भी इस्तेमाल अभी तक नहीं कर पा रहे हैं। क्योंकि मंत्रियों के पास फिलहाल कोई काम नहीं है। विभाग नहीं मिलने से मंत्री भी परेशान हैं।
ऐसे में उम्मीद यह भी की जा रही है कि जब संसदीय कार्य मंत्री की जिम्मेदारी प्रेमचंद अग्रवाल को मुख्यमंत्री ने सौंप दी है तो हो सकता है, विधानसभा सत्र के बाद ही पुष्कर सिंह धामी अपने कैबिनेट मंत्रियों को विभागों का आवंटन करें। देखना यही होगा कि आखिरकार पुष्कर सिंह धामी विधानसभा सत्र से पहले या फिर विधानसभा सत्र के बाद मंत्रियों को विभागों का बंटवारा करते हैं।