उत्तराखंड : दुष्कर्म के आरोपित भाजपा नेता को पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता,कइयों को बनाया शिकार!

हरिद्वार : हरिद्वार में भाजपा संगठन ने दुष्कर्म के आरोपित भाजपा नेता को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बता दें कि भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अजय प्रताप सैनी पर नौकरी दिलाने के नाम पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। बता दें कि विवाहिता ने दो दिन पहले पुलिस के पास जाकर शिकायत की और मुकदमा दर्ज कराया। विवाहिता ने बताया कि भाजपा नेता ने उसका अश्लील वीडियो भी बनाया है और उसे ब्लैकमेल कर रहा है।
विवाहिता ने पुलिस से शिकायत करते हुए तहरीर दी कि भाजपा नेता ने उसकी नाबालिग बहन के साथ भी दुष्कर्म किया और ब्लैकमेल कर दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी भी दी। युवती ने बताया कि आरोपित अजय प्रताप सैनी ने कइयों को नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म किया है। वहीं इसके बाद पुलिस ने भाजपा नेता की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। वहीं पुलिस उसके करीबियों और रिश्तेदारों के यहां नजर बनाए है। वहीं खबर है कि भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान ने अजय प्रताप सैनी को पद मुक्त करने के साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया है। डॉक्टर जयपाल ने बताया कि अनैतिक आचरण और समाज में पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने के चलते अजय प्रताप सैनी पर कार्रवाई की गई है
आपको बता दें कि बहादराबाद क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी विवाहिता ने पुलिस को तहरीर दी कि साल 2018 में फैक्ट्री में नौकरी के सिलसिले में भाजपा नेता अजय प्रताप सैनी से उसकी मुलाकात हुई थी। उसने देहरादून में मंत्रियों से अपनी पहचान बताकर नौकरी लगवाने का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल और काफी समय से दुष्कर्म करता रहा जिससे उसका एक बेटा भी पैदा हुआ। विवाहिता का आरोप है कि उसकी नाबालिग बहन के साथ भी आरोपित ने दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपित अजय प्रताप सैनी निवासी शांतरशाह, बहादराबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। बहादराबाद थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि संभावित ठिकानों पर आरोपित की तलाश में दबिश दी गई है।
पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपित अजय प्रताप सैनी ने कई और महिलाओं और युवतियों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर अपनी हवस का शिकार बनाया है। पीड़िता ने ऐसी कुछ युवतियों और महिलाओं के नाम भी पुलिस को बताए हैं। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।