उत्तराखंड : सील था अस्पताल, फिर भी कर दिया 4 माह की गर्भवती का ऑपरेशन, मौत

दिनेशपुर : ऊधमसिंहनगर जिले के दिनेशपुर में ऑपरेशन के दौरान चार माह की गर्भवती की मौत हो गई। मृतक के स्वजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस दौरान डॉक्टर अन्य कर्मचारियों के साथ फरार हो गया। परिजनों ने डॉक्टर और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। हैरत की बात यह है कि इस अस्पताल को कुछ महीने पहले सील किया गया था।
अमृतनगर, नंबर दो निवासी तपन घरामी की पत्नी सावित्री चार माह की गर्भवती थी। शनिवार को गर्भ में समस्या होने पर उसे परिजन अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसका आप्रेशन किया। स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सक उसे लेकर काशीपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचे। जहां रविवार को महिला की मौत हो गई। स्वजनों का आरोप है कि काशीपुर में भी महिला का ऑपरेशन किया गया।
मौत की खबर पाकर ग्रामीण व स्वजन अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान थानाध्यक्ष अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया। उधर तपन घरामी ने अस्पताल के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मृतक सावित्री की दो साल की बच्ची है।
कुछ महीने पूर्व डिप्टी सीएमओ डा. हरेंद्र मलिक ने अस्पताल की जांच की थी। इस दौरान खामियां मिलने और अवैध रूप से आपरेशन कक्ष बनाये जाने पर अस्पताल को सील कर दिया था, लेकिन बाद में अस्पताल पूर्व की तरह संचालित होने लगा। जबकि अस्पताल में कोई भी डा. नियमित रूप से नहीं मिलता है और न ही ओपीडी देखी जाती है। जबकि प्रतिदिन यहां तमाम प्रसव होते हैं।