उत्तराखंड : शादी में नाच रहे थे 50 से ज्यादा लोग, किसी ने कर दिया फोन, फिर रंग में पड़ा भंग

हरिद्वार : कोरोना के कहर को देखते हुए सरकार ने भीड़ को कम करने के लिए जहां कोरोना कर्फ्यू लगाया है तो वहीं विवाह समारोह और आयोजनों में 100 से संख्या घटाकर 50 कर दी है। वहीं इस नियम का उल्लंघन करना दूल्हे पक्ष को भारी पड़ा। जी हां बता दें कि मामला रुड़की का है जहां शादी में सौ बराती ले जाना एक दूल्हे को भारी पड़ गया। कोविड-19 नियम का उल्लंघन करने पर पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इससे हड़कंप मच गया है।
दरअसल, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चावमंडी निवासी अजय की रविवार रात शादी थी। अजय की शादी का आयोजन कृष्णा नगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में था। शादी में नाते रिश्तेदार नाच रहे थे। तभी रंग में भंग डल गया। किसी ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को बताया कि कृष्णा नगर में बैंक्वेट हॉल में हो रही शादी में दूल्हा 100 बराती मौजूद हैं। सूचना मिलते ही तुरंत गंगनहर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दूल्हा अपने करीब सौ बराती के साथ वहां पर मौजूद था। पुलिस को देखते ही रंग में भंग हो गया। अजय और उसके परिवार के लोग पुलिस के आने की वजह पूछते रहे। पुलिस ने उन्हें कोविड नियम की अनदेखी की जानकारी दी। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज मैनवाल ने बताया कि कांस्टेबल विजय की तहरीर पर पुलिस ने अजय निवासी चावमंडी, गंगनहर कोतवाली पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।