उत्तराखंड : नदी में गिरी आईटीबीपी की बस, मौके पर पहुंचे SSB के जवान

पिथौरागढ़ : बीती शाम पिथौरागढ़ के धारचूला में एक आईटीबीपी की मिनी बस हादसे का शिकार हो गई। बस टांकुल शिविर में जाते समय तवाघाट ज्योतिनाला के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी जिसमे सवार एक आईटीबीपी और एक एसएसबी का जवान घायल हो गया। जानकारी मिली है कि बस चालक जवान जवानों को शिविर में छोड़कर लौट रहा था। वहीं घायलों को रेस्क्यू कर सीएचसी धारचूला में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा और वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना मंगलवार शाम हुई जह आईटीबीपी की मिनी बस (सीएच01जीए3730) टांकुल शिविर जा रही थी। तवाघाट ज्योतिनाला के पास बस अनियंत्रित होकर 30 मीटर नीचे काली नदी में जा गिरी। दुर्घटना में जोशीखेत निवासी आईटीबीपी के चालक दीवान सिंह पिंगल (45) और जोशीखेत कालिका निवासी एसएसबी के हरीश सिंह (30) घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी एसएसबी पोस्ट में दी। सूचना पर 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट के डिप्टी कमांडेंट प्रणव शुक्ला के नेतृत्व में मौके पर इंस्पेक्टर अनूप रावत, सुदर्शन, एसआई रमेश कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव, कांस्टेबल संदीप जाखड़ पहुंचे। जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस का दरवाजा और जाली तोड़कर बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी धारचूला लाया गया।
डॉ. जगमोहन गर्ब्याल ने बताया कि जवानों के सिरों में चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पिथौरागढ़ रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार मनीषा बिष्ट, पटवारी उदय भंडारी, पटवारी हुकुम बिष्ट भी अस्पताल पहुंचे।