HighlightNational

बड़ी खबर: किसान परेड़ में गए 400 किसान और युवा लापता, पुलिस पर लगे आरोप!

400 farmers and youth missing

नई दिल्ली: 26 जनवरी को दिल्ली में किसान परेड़ में जो कुछ हुआ। उसको लेकर कई बातें सामने आ चुकी हैं। लेकिन, अब एक चकित करने वाली बात सामने आया है। बताया जा रहा है कि हिंसा के दौरान पंजाब के किसान संगठनों और धार्मिक संगठनों ने 400 से अधिक किसानों और नौजवानों के लापता होने का आरोप लगाया है। लोगों ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पंजाब से जुड़े कई किसान संगठनों और धार्मिक संगठनों ने आरोप लगाया है कि दिल्ली हिंसा के दौरान 400 से ज्यादा युवा और बुजुर्ग किसान लापता हैं।

अमृतसर के खालड़ा मिशन ने आरोप लगाया है कि गायब हुए सभी लोग दिल्ली पुलिस की अवैध हिरासत में हैं। मिशन ने इस मामले में सोमवार को हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया है। पंजाब के मानवाधिकार संगठन के जांच अधिकारी सरबजीत सिंह वेरका ने दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना किसी केस के ज्यादा समय तक हिरासत में नहीं रखा जा सकता है, इसलिए पकड़े गए लोगों के बारे में पुलिस जानकारी दे।

पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के वकील हाकम सिंह का कहना है कि पंजाब के 80-90 नौजवान 26 जनवरी को सिंघु और टिकरी बॉर्डर गए थे। हिंसा की घटना के बाद वे सभी नौजवान किसान अब तक अपने शिविरों में नहीं लौटे हैं। वकीलों का एक ग्रुप उन्हें ढूंढने की कोशिश में जुटा है और इसके लिए हम पुलिस, किसान संगठनों और अस्पतालों के संपर्क में हैं।

दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान लापता हुए मोगा जिले के 11 नौजवान दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं, जिन्हें नांगलोई थाने के तहत गिरफ्तार किया गया था। यह आरोप शनिवार को दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लाइव बयान में लगाया। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी के बाद लापता नौजवानों के फोटो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 26 जनवरी की ट्रैक्टर परेड को लेकर आरोपी बनाए गए किसानों के लिए डीएसजीएमसी कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

मोगा के एक गांव के 12 किसानों की तलाश की जा रही है, जो 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के बाद से लापता हैं। संबंधित ग्राम पंचायत ने लापता किसानों के फोटो व पहचान जारी की है। इन किसानों के नाम अमृतपाल सिंह, गुरप्रीत सिंह, दलजिंदर सिंह, जगदीप सिंह, जगदीश सिंह, नवदीप सिंह, बलवीर सिंह, भाग सिंह, हरजिंदर सिंह, रणजीत सिंह, रमनदीप सिंह और जसवंत सिंह हैं।

राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को पत्र लिखकर लापता लोगों का मामला केंद्र के समक्ष उठाने की मांग की है। शनिवार को लिखे पत्र में बाजवा ने कहा कि खबर मिली है कि दिल्ली में 26 जनवरी को हुई घटनाओं के बाद से राज्य के 100 से अधिक किसान लापता हैं। इनके बारे में उनके परिवारों को अब तक कोई जानकारी नहीं मिल रही है।

बाजवा ने सिंघु बार्डर पर शुक्रवार को किसानों के खिलाफ कुछ धड़ों द्वारा की गई हिंसा का हवाला देते हुए लिखा कि यह स्पष्ट है कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे हमारे किसानों को विभिन्न धड़ों से खतरा पैदा हो गया है। बाजवा ने मुख्यमंत्री से यह भी मांग की है कि किसानों की हिफाजत के लिए पंजाब पुलिस के जवानों को तैनात किया जाए।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें