उत्तराखंड: नशाखोरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों और SP सिटी के बीच नोंकझोंक

हल्द्वानी: शहर में लगातार नशे का कारोबार बढ़ रहा है। ऐसे में अब स्थानीय लोगों ने अब नशे के खिलाफ मोर्चा खोलकर संघर्ष समिति का गठन किया है। जिसके तहत नशा मुक्त संघर्ष समिति द्वारा राजपुरा में बढ़ते स्मैक, चरस, कच्ची शराब और सट्टे के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए नशे पर लगाम लगाने की मांग की। इस दौरान एसपी सिटी और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई।
राजपुरा के लोगों ने जलूस निकाल कर एसपी दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया, एसपी सिटी का घेराव कर तस्करों पर कठोर कार्यवाही की मांग की। कांग्रेस नेता हेमंत साहू स्थानीय लोगों के साथ जमकर प्रदर्शन करते हुए एसपी सिटी का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार नशे का कारोबार बढ़ रहा है पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है यहां तक कि पुलिस की सांठ गांठ से नशे का कारोबार खूब फल फूल रहा है।
एसपी सिटी के घेराव के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जल्द उनके क्षेत्र में नशे का कारोबार नहीं रुका तो एसपी सिटी कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पूर्व में नशे के कारोबार को लेकर कई बार मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी है उसके बावजूद भी पुलिस नशे के कारोबार पर लगाम नहीं लगा पा रही है।