उत्तराखंड : गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, तीन घायल


नैनीताल: भीमताल में बीती रात एक बजे हल्द्वानी मार्ग के बोहराकून में एक अल्टो कार के गहरी खाई में गिरने से एक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गये। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव और घायलों को गहरी खाई से बाहर निकाला। घासलों को पहले भीमताल सीएचसी और फिर वहां से हल्द्वानी सुशील तिवारी अस्पताल भेजा गया। मृतक की पहचान गणेश दत्त भट्ट निवासी 17 एकड़ शास्त्री नगर बिंदुखत्ता लालकुआं के रुप में हुई है।
थानाध्यक्ष रमेश बोहरा ने बताया कि शनिवार की रात एक बजे सूचना मिली कि भीमताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर सुसाइड प्वाइंट के पास एक कार गिर गई है। सूचना पर वह पुलिस बल के तत्काल रवाना होकर मौके पर पहुंचा। तीन घायलों को उनके रिश्तेदारों एवं पुलिस बल द्वारा गहरी एवं खतरनाक खाई से निकाल कर 108 एवं थाने के राजकीय वाहन से सीएससी भीमताल ले जाया गया।
जहां पर एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के पश्चात उनकी इच्छानुसार उनके रिश्तेदारों के साथ घर भेज दिया गया, शेष दो गंभीर घायलों को 108 के माध्यम से राजकीय सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया, तथा एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी जिसके शव को सीएससी भीमताल में रखवाया गया है।