देहरादून : वीरबाला तीलू रौतेली के नाम पर हर साल दिए जाने वाले राज्यस्तरीय तीलू रौतेेली पुरस्कार की लिस्ट जारी कर दी है। इस बार इस पुरुस्कार के लिए 95 आवेदन आए थे जिसमे से 22 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरुस्कार दिया जाएगा। इस लिस्ट में महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया भी शामिल हैं। वंदना कटारिया तो सही है लेकिन एक नाम को लेकर कई सवाले खड़े किए जा रहे हैं। दरअसल कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल की बेटी और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी का नाम भी पुरस्कार की लिस्ट में शामिल है। जिससे पुरस्कार के लिए नाम चयन को लेकर जिला एवं राज्य स्तरीय चयन समिति सवालों के घेरे में आ गई है।
तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 22 महिलाओं के नाम का चयन
आपको बता दें कि बीते दिन महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए लिस्ट जारी हुई है जिसमे 22 महिलाओं का नाम है। इन 22 नामों में से एक है कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल की बेटी दीपिका चुफाल का नाम जिसको सामाजिक एवं राजनैतिक क्षेत्र के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। जानकारी मिली है कि पिथौरागढ़ में दीपिका चुफाल ने विशेष क्षेत्र में काम किया है। जबकि सामाजिक एवं राजनैतिक क्षेत्र विशेष में कार्य के लिए देहरादून से अनुराधा वालिया का नाम लिस्ट में शामिल है। अनुराधा भाजपा महिला मोर्चा की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।
इस क्षेत्र में कार्य करने पर मिलता है महिलाओं को पुरस्कार
आपको बता दें कि यह पुरस्कार सामाजिक, शिक्षा, साहित्य, वीरता एवं साहस, कोविड काल में मदद, खेल, पर्यावरण आदि के क्षेत्र में कार्य पर महिलाओं को इस पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाता है। अब सवाल ये खड़े हो रहे हैं कि राजनीतिक क्षेत्र की महिलाओं के नाम भी सूची शामिल किए गए हैं। क्या ये दबाव में किए गए हैं या सत्ता धारी पार्टी की अपनी मर्जी है जिसे चाहे पुरुस्कार दें।
बिशन सिंह चुफाल का बयान
बता दें कि जब मंत्री बिशन चुफाल की बेटी के नाम को लेकर सवाल खड़े किए गए तो मंत्री ने कहा कि उनकी बेटी क्षेत्र में जैविक मसालों का उत्पादन कर रही है। जंगली जानवर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में उनकी बेटी ने पलायन रोकने के लिए इस दिशा में काम किया है। उसने कई युवाओं को इस काम से जोड़ा है।
भाजपा महिला मोर्चा की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराधा वालिया का बयान
वहीं भाजपा महिला मोर्चा की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराधा वालिया का कहना है कि उन्होंने कोविड काल में कई लोगों की मदद की है। कोविड काल में पार्टी का आदेश था कि लोगों की मदद करनी है, इसके अलावा वह एनजीओ से भी जुड़ी हैं। उन्होंने कई लोगों के लिए भोजन एवं मास्क की व्यवस्था की।