देहरादून: महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी देहरादून पहुंच गए हैं। उनको महाराष्ट्र के सरकारी विमान से देहरादून आना था, लेकिन उनको विमान में बैठने के बाद फ्लाइंग अफसर ने उड़ान भरने से इंकार कर दिया था। जिसके बाद कोश्यारी प्रावेट विमान से अन्य सवारियों के साथ यहां आए। हालांकि उन्होंने इस बात को लेकर फिलहाल कोई बयान नहीं दिया है।
सरकार और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के बीच विवाद एक बार फिर बढ़ गया है। सरकार द्वारा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को हवाई यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया। राज्यपाल गुरुवार को जब उत्तराखंड जाने के लिए मुंबई हवाईअड्डे पहुंचे तो पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया। इसे लेकर भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि राज्यपाल को विमान से उतार दिया गया। लोग इस सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे।
इतना ही नहीं, भाजपा नेता ने कहा कि सरकार को राज्यपाल से माफी मांगनी चाहिए।भाजपा नेता ने कहा कि यदि राज्यपाल के विमान को सरकार अनुमति देने से मना कर देती है तो यह यह मानहानिकारक है। लोकतंत्र के लिए यह सही नहीं है। अगर सरकार द्वारा ऐसा किया गया है, तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए। दरअसल, राज्यपाल को गुरुवार को राज्य सरकार के विमान के जरिए देहरादून जाना था।
जब वे मुंबई हवाई अड्डे पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उन्हें इस विमान से उड़ान भरने की अनुमति नहीं है। उन्होंने अब देहरादून के लिए एक वाणिज्यिक उड़ान बुक कर ली है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने राज्यपाल की हवाई यात्रा को अनुमति नहीं दी। हैरानी की बात ये है कि राज्यपाल कोश्यारी को विमान में चढ़ने के बाद पता चला कि उन्हें इससे जाने की अनुमति नहीं है।