केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होनें कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होनें मणिपुर में नफरत के बीज बोये हैं। उन्होनें कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान पूर्वोत्तर बम, बंद और विस्फोट के लिए जाना जाता था।
मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत माता को विभाजित करने के बारे में सिर्फ टुकड़े-टुकड़े गैंग के समर्थक ही सोच सकते हैं। उन्हें असल में महिलाओं की चिंता नहीं है। वे सिर्फ संविधान और भारत माता की हत्या की बात करते हैं। उन्होनें कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग के समर्थक ही पश्चिम बंगाल और मणिपुर की महिलाओं में अंतर कर सकते हैं।
दिल का टुकड़ा है मणिपुर – पीएम
उन्होनें कहा कि पीएम मोदी ने मणिपुर को दिल का टुकड़ा बताया है और कहा कि शांति बहाली के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मणिपुर जल्द ही प्रगति के रास्ते पर चलेगा। सरकार आरोपियों को दंडित कर मणिपुर में शांति स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
राहुल ने भाजपा पर साधा था निशाना
बता दें कि राहुल गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए लोकसभा में कहा था कि भाजपा ने मणिपुर में भारत माता की हत्या की। वे देशभक्त नहीं गद्दार हैं। डबल इंजन की सरकार पर उन्होनें भारत माता की हत्या का आरोप लगाया। उन्होनें कहा था कि मणिपुर के नागरिकों की आवाज को मार दिया गया है। भारत एक आवाज है। भारत जनता की आवाज है। दिल की आवाज है। आपने मणिपुर की आवाज की हत्या की। मणिपुर के लोगों को मारकर आपने भारत को मार डाला। आप देशद्रोही हैं, देशभक्त नहीं।