महाराष्ट्र में बेकाबू ट्रक तीन वाहनों को टक्कर मारकर होटल में घुसा, 10 लोगों की हुई मौत

महाराष्ट्र के धुले जिले में बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफतार कंटेनर ट्रक ने चार वाहनों को टक्कर मारी और फिर एक होटल में घुस गया। ट्रक से कुचलकर लगभग 10 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। इसके साथ ही 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
तेज रफ्तार ट्रक हुआ बेकाबू
मीडिया रिपोर्ट में मिली जानकारी के अनुसार ट्रक की रफतार काफी तेज थी और बेकाबू होने के कारण उसने पहले चार वाहनों को टक्कर मारी और फिर एक होटल में घुस गया। उस दौरान होटल में लोग खाना खा रहे थे। इसलिए ये हादसा बड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक का ब्रेक फेल हो जाने के कारण यह भीषण हादसा हुआ है। इसने दो मोटरसाइकिलों, एक कार और एक अन्य कंटेनर को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
10 लोगों की मौत 20 से अधिक घायल
सभी गाड़ियों को टक्कर मारते हुए ट्रक राजमार्ग पर एक बस स्टॉप के पास होटल में जा घुसा और वहीं पलट गया। जिसमें लगभग 10 लोगों के मरने की जानकारी सामने आई है और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बस स्टॉप पर इंतजार कर रहे कई लोग भी इस हादसे का शिकार हो गए हैं।