देशभर में इन दिनों गर्मी से लोग बेहाल है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों भीषण गर्मी हो रही है। हालांकि फिलहाल लोगों को गर्मी से निजात मिलने की संभावना कम नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अभी लोगों को कुछ दिन और गर्मी झेलनी पड़ेगी। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू चलने की संभावना जताई है।
इन राज्यों में होगी तेज गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पंजाब, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में लोगों को अभी और गर्मी का सामना करना पड़ेगा। अगले तीन से चार दिन तक यहां लू यानी हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश में कई इलाकों में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल है। अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। वही पंजाब में रविवार को हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में आज पारा 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
केरल में पहुंचा मानसून
वहीं केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। अब यह मानसून तमिलनाडू और कर्नाटक मे जल्द ही आएगा। वहीं मौसम विभाग ने उत्तर पूर्वी राज्यों मे बारिश की संभावना जताई है।
इन राज्यों में आज होगी जमकर बारिश
वहीं मौसम विभाग ने मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज भारी बारिश की संभावना जताई है। असम और मेघालय में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में अगले तीन दिनों के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रविवार से मंगलवार तक भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।