ट्रेन से लेकर प्लेन तक काफी भीड़, किराया हुआ महंगा, गो-फर्स्ट के बंद होने से इंडिगो के व्यापार में इजाफा

इन दिनों ट्रेन से लेकर प्लेन तक काफी भीड़ देखने को मिल रही है। गर्मियों की छुट्टियों में लोग विभिन्न कारणों से शहर के बाहर जा रहे हैं। ऐसे में इन दिनों टिकट मिलना भी काफी मुश्किल हो गया है । वहीं फ्लाइट का किराया भी काफी महंगा हो गया है। बताया जा रहा है कि फ्लाइट का किराया महंगे होने के पीछे की वजह गो-फर्स्ट एयरलाइंस का दिवालिया होना है। क्योकि यह कंपनी सस्ती विमान सेवाओं के लिए जानी जाती है।
यात्रियों का किराया चार गुना बढ़ा
गो-फर्स्ट के बंद होने के बाद यात्रियों ने मजबूरी में इंडिगो, स्पाइसजेट, विस्तारा और एयर इंडिया की फ्लाइट्स बुक करना शुरू दिया, जिससे उनका किराया डेढ़ से चार गुना तक बढ़ गया है। मई माह में देश के भीतर 1.32 करोड़ से अधिक लोगों ने सफर किया है। इससे पहले दिसंबर 2019 में सबसे ज्यादा 1.30 करोड़ लोगों ने हवाई यात्रा की थी।
गो- फर्स्ट बंद होने का इंडिगो को फायदा
बता दें कि गो-फर्स्ट के बंद होने के बाद सबसे ज्यादा फायदा इंडिगो को मिला है। कंपनी की बाजार में हिस्सेदारी मई माह में 61.4 फीसदी तक हो गई है। यह कंपनी का अब तक का रिकॉर्ड है। इंडिगो के अलावा भी अन्य विमानन कंपनियों की बाजार में हिस्सेदारी बढ़ी है। मगर सबसे ज्यादा फायदा इंडिगो को ही हुआ। देश के भीतर मई माह में 1.32 करोड़ से अधिक लोगों ने सफर किया है। अप्रैल के मुकाबले यह संख्या तीन फीसदी बढ़ी। इससे पहले दिसंबर 2019 में सबसे ज्यादा 1.30 करोड़ लोगों ने हवाई यात्रा की थी।
हवाई विमानों का किराया महंगा
मीडिया रिपोर्ट में मिली जानकारी के अनुसार गो फर्स्ट जो सस्ती विमान सेवाओं के लिए जान जाता है, लोगों ने अपने बजट के हिसाब से उसमें बुकिंग करवाई थी, लेकिन एयरलाइंस की उड़ानें रद्द होने के बाद यात्रियों को दूसरी विमान सेवाओं में अपनी टिकट बुक करवानी पड़ रही है। यात्रियों से डेढ़ से पांच गुना तक अधिक किराया वसूला जा रहा है। दूसरी एयरलाइंस कंपनियों ने फ्लाइट टिकटों के रेट बढ़ा दिए हैं। खासकर उन रूट्स पर जहां गो फर्स्ट का दबदबा था। गो फर्स्ट का परिचालन बंद होने से अन्य फ्लाइटों की मांग अचानक बढ़ गई है। इसलिए कई रूटों पर हवाई किराये में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। दिल्ली से श्रीनगर के बीच फ्लाइट का किराया 18 से 20 हजार रुपये तक हो गया है। जबकि मुंबई से गोवा के बीच किराया 5 से 7 हजार रुपये के बीच है।
ट्रेनों में भी दिख रही काफी भीड़
वहीं दिल्ली से बिहार, जम्मू कश्मीर मुंबई , ओडिशा के साथ दक्षिण भारत मे जाने वाली कई ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। मीडिया रिपोर्ट में मिली जानकारी के अनुसार ट्रैवल जानकारों का कहना है कि तत्काल कोटे में कंफर्म टिकट हासिल करने के लिए यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। गर्मियों की छुट्टियों के चलते दिल्ली से बिहार और जम्मू कश्मीर जाने वाली ट्रेनों में ज्यादा भीड़ है। दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेन भी फुल चल रही है। हालांकि मुंबई से दिल्ली आने वाले ट्रेनों में अब भीड़ कम हुई है।