ओडिशा के बालासोर में 51 घंटे बाद पटरी पर ट्रेन हुई रवाना, रेल मंत्री वैष्णव हुए भावुक, छलके आंसू

ओडिशा के बालासोर में भीषण रेल दुर्घटना के 51 घंटे बाद रविवार को रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर पहली ट्रेन रवाना हुई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोयला ले जाने वाली मालगाड़ी विशाखपटनम बंदरगाह से राउरकेला इस्पात संयंत्र के लिए उसी पटरी से रवाना किया। इस दौरान कई मीडियाकर्मी और रेलवे अधिकारी भी वहां मौजूद रहे। इस दौरान रेल मंत्री वैष्णव भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक गए। उन्होंने कहा, हर यात्री को घर पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया ट्वीट
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट कर लिखा कि “क्षतिग्रस्त डाउन लाइन पूरी तरह ठीक हो गई है। खंड से पहली ट्रेन रवाना हुई।” डाउन लाइन बहाल होने के करीब दो घंटे बाद अप लाइन भी बहाल कर दी गई। दुर्घटना प्रभावित खंड की अप लाइन पर चलने वाली पहली ट्रेन खाली मालगाड़ी थी।
सिग्नल प्रणाली में बताई समस्या
वहीं रेल मंत्री ने कहा कि दुर्घटना के मूल कारण और इसके लिए जिम्मेदार अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उन्होनें कहा कि इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और प्वाइंट मशीन में किए गए बदलाव के कारण ऐसा हुआ। इसे फेल सेफ सिस्टम कहा जाता है, इसलिए इसका मतलब है कि अगर यह फेल भी हो जाता है तो भी सारे सिग्नल लाल हो जाएंगे और सभी ट्रेनों का परिचालन रुक जाएगा। मंत्री ने कहा कि सिग्नल प्रणाली में समस्या थी।
हादसे की जांच रिपोर्ट का इंतजार
मीडिया रिपोर्ट में मिली जानकारी के अनुसार मंत्री ने बताय कि रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने जांच पूरी कर ली है और रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने कहा, यह भीतर से या बाहर से छेड़छाड़ या तोड़फोड़ का मामला हो सकता है।