देश की राजधानी दिल्ली मे दिल दहला देने वाली घटना हुई । लोगों से भरी गली में एक दरिंदे ने चाकू से 20 बार गोदकर और पत्थर से कई बार एक किशोरी के सिर पर वार कर हत्या की लेकिन लोगों ने बचाने के बजाए केवल तमाशा देखा।
तोड़ी खोपड़ी, चाकू से किए 16 वार
जानकारी के अनुसार रविवार रात एक दरिंदे ने चाकू से ताबड़तोड़ करीब 20 बार गोदकर किशोरी की हत्या कर दी और लोग तमाशबीन बने रहे। साक्षी जिसकी उम्र 16 साल बताई जा रही है वहीं साहिल जो 20 साल का था उसने साक्षी के सिर पर पत्थर से भी छह बार वार किए और फिर उसे लात मारकर निकल गया। पुलिस ने उसे सोमवार को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साक्षी के शरीर पर चाकू के 16 घाव मिले हैं और खोपड़ी भी टूटी पाई गई है।
जन्मदिन में जा रही थी किशोरी
ये घटना उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में हुई है। साक्षी का परिवार इसी इलाके के जेजे कॉलोनी में रहता है। साक्षी ने इस साल 10वीं की परीक्षा पास की थी। पिछले कुछ महीने से वह कॉलोनी में ही अपनी सहेली के साथ रह रही थी। रविवार रात वह अपनी सहेली के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी। उसी दौरान गली में साहिल ने उसे रोक लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज देख उड़े होश
दरिंदगी से भरी इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। घनी आबादी वाले मोहल्ले की व्यस्त गली में किशोरी पर साहिल ताबड़तोड़ हमला करते नजर आ रहा है। लोग आसपास से निकल रहे हैं, लेकिन कोई लड़की को बचाने की कोशिश तक नहीं कर रहा। साहिल के जाने के बाद गंभीर रूप से घायल साक्षी को लोगों ने पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ऐसा बताया जा रहा है कि किशोरी और आरोपी का प्रेम प्रसंग चल रहा था हालांकि किशोरी के मां बाप ने इस बात को लेकर इंकार किया है।
आरोपी साहिल बुलंदशहर से गिरफ्तार
वहीं, आरोपी की पहचान मोहम्मद सरफराज के बेटे मोहम्मद साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी साहिल को यूपी के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ लगातार जारी है।
मृतिका के माता-पिता ने की फांसी की मांग
मृतिका के माता-पिता ने बेटी के हत्यारे साहिल को फांसी दिए जाने की मांग की है। मृतिका के पिता ने कहा कि मेरी बेटी की हालत बहुत बुरी थी। मेरी बेटी का स्वभाव अच्छा था। मेरी मांग है कि जैसे उसने मेरी बेटी को मारा है वैसे ही उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि फिर से ऐसा कोई न कर सके।
मकान मालिक ने कहा साहिल नहीं था झगड़ालू
साहिल दिल्ली के प्रह्ललादपुर के जैन कॉलोनी बरवाला में अपने पिता सरफराज, मां और तीन बहनों के साथ किराए के मकान में रहता था। उसके मकान मालिक ने बताया कि उसका पिता मजदूरी करता है, जबकि साहिल फ्रिज और एसी की मरम्मत का काम करता था। मकान मालिक ने बताया कि साहिल को कभी भी इलाके में किसी से लड़ते हुए नहीं देखा था।