कानपुर: अक्सर होता यह है कि लड़के वाले मनचाहा दहेज नहीं मिलने के कारण शादी तोड़ देते हैं, लेकिन यहां कुछ उल्टा हुआ। लड़की ने शादी से ठीक पहले लड़के वालों के सामने ऐसी शर्त रख दी, जिसको वो पूरी नहीं कर पाए। बस फिर क्या था, लड़की ले शादी करने से इंकार कर दिया और शादी तोड़ दी। अब मामले पुलिस के पास पहुंच चुका है। लड़के वालों ने लड़की वालों के खिलाफ शिकायतय की है।
लड़का पक्ष का आरोप है कि लड़की पक्ष गोदभराई का सामान भी वापस नहीं कर रही है। जानकारी के अनुसार 24 जून को शादी का दिन तय था। दोनों पक्षों की ओर से सारी तैयारी पूरी हो चुकी थी। शादी से चार दिन पहले दुल्हन के पिता ने फोन पर दूल्हे से बोला था कि लड़की के नाम पहले दो बीघा जमीन कराओ या फिर चार लाख रुपये बेटी के नाम जमा कराओ तभी शादी होगी। दूल्हे ने बताया कि दो बीघा खेत की कीमत बहुत अधिक है। उसी जमीन से घर का सारा खर्चा चलता है। लड़क ने कहा कि जो पहले ही सबकुछ लड़की के नाम लिखवाना चाहता हो, उनको ऐसे घर से शादी नहीं करनी।
मामला उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात क्षेत्र का है। युवक की शादी हमीरपुर की युवती के साथ दो वर्ष पहले तय हुई थी। दोनों के घरों में शादी की तैयारियां चल रही थीं। दूल्हे की बरात चार दिन बाद 24 जून को हमीरपुर जानी थी। लगभग सभी निमंत्रण पत्र अतिथियों में वितरित किए जा चुके थे। वर पक्ष के घर में शादी की खुशियां उस वक्त फीकी पड़ गईं जब वधू के पिता का फोन आया। उन्होंने कहा कि बेटी अब ब्याह नहीं रचाना चाहती। यह सुनकर वर पक्ष में एक सन्नाटा खिंच गया। लड़के की मां ने वधू पक्ष के घर जाकर बात की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
युवक ने बताया कि वह सूरत में धागा फैक्ट्री में 18 हजार रुपये की नौकरी करता है। यहां शादी की तैयारियों के लिए पिछले माह गांव आया था। घर में किराना का सामान खरीदा गया, निमंत्रण पत्र छपवाकर रिश्तेदारों को बांटे गए। बरात ले जाने के लिए रोड लाइट, डीजे व बस बुक की गई थी, लेकिन अब दुल्हन के पिता ने ही फोन कर बरात लाने से साफ मना कर दिया है। दुल्हन भी तैयार नहीं है।
लड़के ने बताया कि शादी तय होने के बाद दूल्हन की गोदभराई की रस्म हुई थी। इसमें उसे सोने के टाप्स, अंगूठी, नाक की कील, चांदी की पायल, तीन साड़ियां, सलवार सूट व अन्य सामान दिया गया था। अब लड़की वाले शादी से इन्कार तो कर रहे, लेकिन यह सारा सामान लौटाने को राजी नहीं हैं। मां ने थाने में तहरीर देकर गहने, सामान और शादी की तैयारियों में खर्च हुए रुपये वापस दिलवाए जाने की मांग की है। कुरारा थाने के प्रभारी निरीक्षक बांके बिहारी सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है, आगे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।