लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीजेपी मुस्लिम महिलाओं को अपने पाले में लाने के लिए नया अभियान शुरु करेगी। भाजपा का अल्पसंख्यक मोर्चा दो जनवरी से उत्तर प्रदेश के सभी संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में ‘शुक्रिया मोदी भाईजान’ नाम से एक विशेष अभियान शुरु करेगा। इस अभियान के तहत मोर्चा हर लोकसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करेगा जिसमें कम से कम 1,000 मुस्लिम महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
मुस्लिम महिला मतदाताओं को रिझाने की इस योजना की टैगलाइन ‘ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है’ रखी गई है। शुक्रिया मोदी भाईजान कार्यक्रम में मुस्लिम महिलाओं को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा उनके लिए किए गए कार्यों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही उन्हें यह भी बताया जाएगा कि उन्हें आखिर भाजपा को वोट क्यों देना चाहिए।
अभियान में क्या खास होगा
उत्तर प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक के अध्यक्ष ने मीडिया रिपोर्ट में बताया कि इन सम्मेलनों के जरिए कोशिश की जाएगी कि मुस्लिम महिलाओं को उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना, हज का कोटा बढ़ाया जाना, महिलाओं को महरम व्यक्ति के साथ ही हज पर जाने की अनिवार्यता खत्म किया जाना, मुस्लिम बच्चों को छात्रवृत्ति समेत समुदाय को लाभ पहुंचाने वाली तमाम योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। यह अभियान आगामी 2 जनवरी से शुरु होकर 20 जनवरी तक चलाया जाएगा। वहीं उन्होनें बताया कि अभियान का नाम शुक्रिया मोदी भाईजान रखे जाने की एक बड़ी वजह यह है मोदी ने विभिन्न योजनाओं में मुस्लिम महिलाओं को प्राथमिकता देकर भाई-बहन का रिश्ता कायम किया है।