रुस की राजधानी मॉस्को में आतंकवादी हमला हुआ है। हमले में 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान आतंकवादियों ने लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। आतंकियों ने विस्फोट से हॉल में धमाका भी किया, जिससे वहां आग लग गई। हमले के बाद विशेष पुलिस दल ने मोर्चा संभाल लिया है। वहीं, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हमले की जानकारी ली है। आईएस ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है।
चार बंदूकधारियों ने एक साथ लोगों पर की फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तीन से चार बंदूकधारियों ने एक साथ लोगों पर फायरिंग शुरु कर दी, जिसमे कम से कम 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। पुलिस की टीमें लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गई है। आपातकालीन सेवा मंत्रालय ने कहा कि गोलीबारी के बाद लगभग 100 लोग थिएटर के तहखाने से भागने में सफल रहे, जबकि अन्य लोग छत पर जाकर छुप गए। बयान में कहा गया है कि रॉक बैंड के सभी सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
सैकड़ों लोगों को बनाया बंधक
रूसी मीडिया के मुताबिक, हमलावरों ने विस्फोटक का भी इस्तेमाल किया, जिससे हॉल में धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इमारत से भारी धुआं उठता दिख रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकियों ने सैकड़ों लोगों को बंधक भी बना लिया है।
रूस ने गोलीबारी की घटना को आतंकवादी हमला करार दिया है। मॉस्को के मेयर ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होनें कहा कि हमले के बाद मॉस्को में होने वाले सभी कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।