National

महाराष्ट्र में तनाव, औरंगजेब के पोस्टर पर बवाल, रैली खत्म होते ही फेंके पत्थर, पुलिस बल तैनात

महाराष्ट्र के अहमदनगर में पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। पत्थरबाजी में दो लोग घायल हो गए, साथ ही कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जानकारी के अनुसार संगमनेर शहर के बाहरी इलाके में दक्षिणपंथी संगठनों ने एक रैली का आयोजन किया था, जिसके बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी शुरू की।

रैली खत्म होते ही फेंके पत्थर

बताया जा रहा है कि रैली दोपहर 12 बजे खत्म हो गई थी। रैली के बाद लोगों के वापस जाते वक्त संगमनेर शहर से पांच किलोमीटर दूर समनपुर गांव में असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हमले में दो लोगों के साथ-साथ दो-तीन गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई। पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। इलाके में तनाव के कारण पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ओला ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इलाके में फिलहाल शांति है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

औरंगजेब के पोस्टर पर बवाल

मीडिया रिपोर्ट में मिली जानकारी के अनुसार अहमदनगर के फाकिरवाड़ा में रविवार सुबह नौ बजे एक जुलूस निकाला गया था। जुलूस में गाने बज रहे थे, जिस पर लोग डांस कर रहे थे। इसी जुलूस में चार लोग औरंगजेब के पोस्टर लेकर चल रहे थे। धार्मिक भावनाएं भड़काने और हिंसा के लिए उकसाने के आरोप में उन चारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। यह देश छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्रपति संभाजी महाराज के नक्शे कदमों पर चलने वाला देश है, यहां कोई औरंगजेब के पोस्टर दिखाएगा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें