सीमांत जिले पिथौरागढ़ में बर्फीले तूफान के कारण ग्लेशियर से एक हिमखंड टूट गया। धारचूला के उच्च हिमालय में मौसम मंगलवार को बर्फीले तूफान में बदल गया। जिस कारण लोगों के घरों में और सुरक्षा चौकियों में ढेर सारी बर्फ जमा हो गई। तूफान के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
ग्लेशियर टूटने से तवाघाट-लिपुलेख मोटर मार्ग बंद
पिथौरागढ़ जिले में चाइना गेट के पास ग्लेशियर से हिमखंड टूटने के कारण चीन सीमा को जोड़ने वाला तवाघाट-लिपुलेख मोटर मार्ग बंद हो गया है। जिस कारण से यहां पर यातायात पूरी तरह ठप है। बता दें कि गुंजी में सोमवार से बर्फबारी हो रही है और ये बर्फबारी अब भी जारी है। मंगलवार सुबह तक गांव में डेढ़ फीट बर्फ जमा हो चुकी थी। भारी बर्फबारी के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बर्फीले तूफान के कारण लोग घरों में कैद
मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में बर्फीला तूफान लगातार आ रहा है। इलाके में करीब 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रहे तूफान से बर्फ उड़कर लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच रही है। जिस कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। इसके साथ ही इलाकें में सुरक्षा चौकियों में बर्फ जमा होने से जवानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तवाघाट-लिपुलेख मार्ग बंद होने से कई वाहन फंसे
गुंजी गांव से चार किलोमीटर पहले चाइना गेट के पास ग्लेशियर से हिमखंड टूटकर गिरने से तवाघाट-लिपुलेख मार्ग बंद हो गया है। मार्ग के बंद होने से दर्जनों वाहन इस मार्ग में फंसे हुए हैं। ये सभी वाहन गुंजी गांव जा रहे थे। कुछ वाहन चाइना गेट से धारचूला की ओर वापस निकल गए लेकिन कई वाहन अभी भी फंसे हुए हैं।
मौसम में अचानक आए इस बदलाव के कारण लोगों में डर का माहौल है। क्योंकि इलाके में ना केवल बर्फबारी हो रही है बल्कि लगातार बर्फीला तूफान भी आ रहा है। बर्फीले तूफान के कारण बीआरओ सड़क नहीं खोल पा रहा है। संगठन सड़क खोलने के लिए सीमा सड़क संगठन भी मौसम के साफ होने का इंतजार कर रहा है।