
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया राज्यसभा चुनाव में राजस्थान से पार्टी की उम्मीदवार हैं। उन्होनें आज जयपुर से अपना नामांकन भर दिया है। इस दौरान उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहे। पूर्व सीएम अशोक गलहोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जयपुर एयरपोर्ट पर सोनिया गांधी की अगवानी की। सोनिया को जयपुर पहुंचने से पहले ही नामांकन फॉर्म भरकर सेट तैयार कर लिए गए थे। नामांकन फॉर्म के साथ 10-10 विधायकों के प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर हस्ताक्षर करवाए। कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी है। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तिथि 15 फरवरी है।
1999 से लगातार लोकसभा सदस्य है सोनिया
बता दें कि सोनिया गांधी 1999 से लगातार लोकसभा सदस्य हैं और मौजूदा वक्त में वह उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही है। वह अमेठी से भी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। यह पहली बार होगा जब वह संसद के उच्च सदन में जाएंगी। वह पूर्व पीएम इंदिरा गांधी और उमा नेहरू के बाद राज्यसभा में प्रवेश करने वाली गांधी परिवार की तीसरी सदस्य होंगी। उमा का कार्यकाल 1962-1963 में रहा था। वहीं, 1964 में इंदिरा गांधी राज्यसभा पहुंची। इंदिरा गांधी 1964 से 1967 तक राज्यसभा सदस्य रहीं।
रायबरेली से प्रियंका लड़ सकती है चुनाव
बता दें कि सोनिया गांधी ने 2019 में ऐलान किया था कि ये उनका आखिरी लोकसभा चुनाव होगा। अटकलें लगाई जा रही हैं कि सोनिया गांधी के इस बार चुनाव नहीं लड़ने की स्थिति में उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकती हैं।