National

मणिपुर में सुधर रहे हालात, कर्फ्यू में मिली ढील, सीएम ने बताया राज्य के माहौल का हाल

मणिपुर में बीते दो दिनों से शांति का माहौल है। कड़ी हिंसा के बाद वहां के लोग चैन की सांस लेकर सामान्य जीवन में धीरे- धीरे लौट रहे हैं। मणिपुर के जिलों में अभी भी कर्फ्यू जारी है। हालांकि हिंसा की खबर नहीं आने के कारण अब 11 जिलों में कर्फ्यू में ढील दी गई है। साथ ही हिंसा प्रभावित इलाकों पर ड्रोन और हेलिकॉप्टरों के जरिये कड़ी नजर रखी जा रही है।

कर्फ्यू में मिल रही ढील

जानकारी मिली है कि अब वहां हालात सामान्य है और हिंसा की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। धीरे- धीरे हालात सामान्य हो रहे है। इसलिए 11 जिलों में सुबह 5 बजे से चार घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी जा रही है। ताकि वहां के लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद सके।

हिंसा में 60 की मौत- एन बीरेन सिंह, सीएम

मीडिया रिपोर्ट्स में मिली जानकारी के अनुसार मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने सोमवार को बताया कि पूर्वोत्तर राज्य में पिछले कुछ दिनों से जारी जातीय हिंसा में 60 लोग मारे गए, जबकि 231 घायल हुए और धार्मिक स्थलों सहित 1,700 घर जल गए।

क्या था मणिपुर में हिंसा का मामला

बता दे कि मणिपुर में बहुसंख्यक मेइती समुदाय के लोग अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर मार्च निकाल रहे थे जिसके विरोध में ऑल ट्राइबल स्टूडेंट यूनियन मणिपुर की ओर से आयोजित आदिवासी एकजुटता मार्च के दौरान चुराचांदपुर जिले के तोरबंग क्षेत्र में हिंसा भड़क गई थी। हिंसा धीरे-धीरे पूरे राज्य में फैल गई थी।

सीएम ने दी राज्य में हालातों की जानकारी

वहीं बीती सोमवार की शाम को मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख और मामूली चोट वाले लोगों को 25,000 रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना हैं। मैं लोगों से जल्द से जल्द शांति लाने की अपील करता हूं। सीएम ने कहा कि हिंसा में मंदिरों और चर्चों सहित 1,700 घर जल गए हैं। जिन लोगों के घर नष्ट हुए हैं उन्हें दो लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा और राज्य सरकार उनका पुनर्निर्माण करेगी।

20,000 से अधिक लोग पहुंचे सुरक्षित स्थान

उन्होंने आगे बताया कि राहत शिविरों में फंसे 20 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है। बाकी 10,000 फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा। सीएम ने कहा कि सुरक्षा बल के जवानों से 1,041 बंदूकें लूटी गईं, जिनमें से 214 को बरामद कर लिया गया है।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें