मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराने के मामले में पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। अभी तक कुल सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। अन्य लोगों की पड़ताल जारी है।
बता दें इस मामले में अभी तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस वीडियो के जरिए 14 लोगों की पहचान की थी। वीडियो में भीड़ दो महिलाओं को नग्न कर उन्हें घुमा रही थी और इनसे छेड़छाड़ कर रही थी।
महिलाओं का किया था यौन उत्पीड़न
बता दें कि भीड़ पर दो महिलाओं को मुक्त करने से पहले उनका यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा था। घटना का 26 सेकंड का वीडियो 19 जुलाई को सामने आया था। वीडियो में दिख रही महिलाओं में एक पूर्व सैनिक की पत्नी है, जो असम रेजिमेंट में सूबेदार के रूप में कार्यरत थे और कारगिल युद्भ भी उन्होनें लड़ा था।
अब तक 160 लोगों की मौत
मणिपुर में 3 मई से राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से अब तक 160 से अधिक लोगो की जान चली गई है और कई लोग घायल हुए हैं। दरअसल ये हिंसा उस समय से फैली है जब मैतई समुदाय की अनुसूचित जनजाति की स्थिति की मांग के विरोध में पहाड़ी जिलों में आदिवासी एकजुटता मार्च आयोजित किया गया था। धीरे- धीरे यह प्रदर्शन हिंसा में बदल गया जिसके कारण आज तक राज्य में हिंसा हो रही है।