नंगे पैर घूमे, बीजेपी सरकार बनने के बाद पहनी चप्पल, चर्चाओं में पार्टी प्रत्याशी

राजस्थान चुनाव में बीजेपी को शानदार जीत हासिल हुई है। भजनलाल शर्मा को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया गया है। इस जीत की खुशी बीजेपी के सभी नेताओं व समर्थकों में देखी जा रही है, लेकिन सबसे ज्यादा खुश हैं पार्टी के प्रत्याशी उपेन यादव। बीजेपी की जीत के लिए नंगे पैर घूमने वाले उपेन का अब संकल्प पूरा हो गया है और बीजेपी की सरकार बनते ही उपेन ने अब चप्पल पहनली है।
बीजेपी सरकार बनने के बाद पहनी चप्पल
दरअसल, बीजेपी के टिकट पर शाहपुरा से चुनाव लड़े उपेन यादव ने संकल्प लिया था कि राजस्थान में बीजेपी की सरकार बनने के बाद ही वह चप्पल पहनेंगे। हालांकि वो खुद चुनाव हार गए, लेकिन उनका संकल्प पूरा हो गया है। उपेन शाहपुरा से तीसरे नंबर पर रहे। इस सीट पर कांग्रेस के मनीष यादव की जीत हुई। दूसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी आलोक बेनीवाल रहे। वहीं उपेन को कुल 11,233 वोट मिले।
उपेन यादव ने एक्स पर किया पोस्ट
उपेन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया है। इस पोस्ट में वह चप्पल पहनते दिख रहे हैं। उपेन ने लिखा कि 6 नवंबर को नामांकन दाखिल करके मैंने एक संकल्प लिया था कि जब तक बीजेपी की सरकार नहीं बन जाती, तब तक जूते-चप्पल नहीं पहनूंगा। उपेन ने आगे कहा कि आज सीएम भजनलाल शर्मा की घोषणा के साथ ही भाजपा सरकार बनने का मेरा संकल्प पूरा हो गया है।
कौन है उपेन यादव?
बता दें कि उपेन राजस्थान बरोजगार एकीकृत महासंघ के अध्यक्ष हैं। कई सालों से वह बेरोजगारों के लिए सरकारों से लड़ाई लड़ते रहे हैं। विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें प्रत्याशी घोषित किया था। उपेन ने राजस्थान के अलावा दिल्ली और यूपी समेत कई अन्य राज्यों में भी प्रदर्शन किए हैं। बता दें कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 115 सीटें हासिल की हैं। कांग्रेस के खाते में 69 सीटें ही आई हैं।