प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक आपको सड़कों पर गड्ढे जरूर देखने को मिल जाएंगे जिनके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। हल्द्वानी में सड़क के गड्ढों ने एक की जान ले ली। सड़क के गड्ढों के कारण एक शिक्षक की मौत हो गई।
सड़क के गड्ढों ने ले ली शिक्षक की जान
हल्द्वानी से लेकर देहरादून की सड़कों पर लगातार गड्ढे देखने को मिल रहे हैं। इन्हीं गड्ढों के कारण हल्द्वानी के ऊंचापुल के पास एक शिक्षक की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक गड्ढों के कारण हुए हादसे में लोहारिया साल के रहने वाले संजीव कुमार पंत की मौत हो गई।
ट्यूशन पढ़ाकर बाइक से लौट रहे थे घर
बता दें कि 35 वर्षीय संजीव कुमार पंत रात करीब साढ़े नौ बजे ट्यूशन पढ़ाकर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी ऊंचापुल स्थित व्हाइट हॉल स्कूल के पास उनकी बाइक हाईवे पर बने बड़े गड्ढे की चपेट में आ गई। इस हादसे में वो गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास मौजूद लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है। संजीव अपने बूढ़े माता-पिता के इकलौता सहारा थे। संजीव की मौत की खबर से बूढ़े माता-पिता और दो बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के मुताबिक संजीव के पिता चंद्रशेखर पंत बीएसएफ से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हैं। उनकी दो बेटियां और एक बेटा था। दोनों बेटियों की उन्होंने शादी कर दी थी। जबकि उनका बेटा संजीव हरगोविंद सुयाल स्कूल में सामाजिक विज्ञान के अध्यापक था और प्राइवेट ट्यूशन भी देता था।